- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Vijay Hazare Trophy: MS Dhoni bowls for teammates in nets
झारखंड के खिलाड़ियों के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने की गेंदबाजी
25 फरवरी यानि कल से शुरू हो रहा है विजय हजारे एकदिवसीय टूर्नामेंट जहां झारखंड की अगुवाई करेंगे धोनी।
Published On Feb 24, 2017, 10:07 AM IST
Last UpdatedFeb 24, 2017, 10:07 AM IST

विराट कोहली एंड कंपनी ने जिस दिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ पुणे में टेस्ट श्रृंखला की कड़ी चुनौती की शुरूआत की, उसी दिन यहां महेंद्र सिंह धोनी ने एक अलग तरह की चुनौती अपने हाथ में ली। अपने साथियों के साथ कल रांची से रेल से यात्रा करने का फैसला करके सबको हैरान करने वाले धोनी झारखंड टीम की जर्सी पहनकर ईडन गार्डन्स में उतरे और अपने कैप्टेन कूल तरीके से उन्होंने राज्य की टीम को प्रेरित किया। धोनी अब भारत और आईपीएल टीम राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान नहीं है और केवल उनकी राज्य की टीम ने उन्हें विजय हजारे एकदिवसीय टूर्नामेंट में टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी है।[ये भी पढ़ें:भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, दूसरा विकेट(लाइव ब्लॉग): ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 260 रनों पर सिमटी]
वह अपनी टीम के साथ दोपहर बाद तेज धूप में मैदान पर पहुंचे और उन्होंने पहले खिलाड़ियों से बात की और फिर फुटबाल खेली। इसके बाद उन्होंने अपने साथी बल्लेबाजों के लिये लगभग आधे घंटे तक आफ स्पिन गेंदबाजी की। लेकिन मैदान पर उनकी भूमिका नहीं बदलेगी। मैनेजर पी एन सिंह ने कहा कि धोनी विकेटकीपर ही रहेंगे और विकेट के पीछे से ही टीम की अगुवाई करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह अभ्यास का उनका तरीका है। वह गेंदबाजी करना चाहते थे इसलिए उन्होंने की। वह विकेटकीपर रहेंगे भले ही हमारे पास इशान किशन के रूप में दूसरा विकेटकीपर भी है।’’ शाम को धोनी ने तेज और स्पिन गेंदबाजों के सामने नेट पर जमकर बल्लेबाजी भी की। कुल मिलाकर धोनी टीम मैन हैं और वह अपने साथियों को सलाह देते रहे। उनकी अगुवाई वाली झारखंड की टीम अपना पहला मैच ईडन गार्डन्स में 25 फरवरी को खेलेगी।