T20 WC: बैटिंग कोच ने माना, कोहली की फॉर्म को लेकर कोई टेंशन नहीं

T20 वर्ल्ड कप 2024 के ग्रुप स्टेज के पहले तीन मैचों में विराट कोहली ने नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में क्रमशः 1, 4 और 0 रन ही बनाए. विराट टूर्नामेंट में अब तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं.

Edited By : Press Trust of India |Jun 16, 2024, 08:46 AM IST

Published On Jun 16, 2024, 08:46 AM IST

Last UpdatedJun 16, 2024, 08:46 AM IST

Virat Kohli

(Image credit- Twitter)

लॉडरहिल (फ्लोरिडा)। भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने शनिवार को यहां कहा कि विराट कोहली का मौजूदा T20 वर्ल्ड कप में अभी तक रन नहीं बनाना चिंता की बात नहीं है क्योंकि वह नेट में शानदार फॉर्म में हैं. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी कोहली ने अब तक आयरलैंड, पाकिस्तान और अमेरिका के खिलाफ क्रमशः 1, 4 और 0 रन बनाए हैं.

कनाडा के खिलाफ मैच बारिश से रद्द होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में राठौड़ ने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लगता है जब मुझसे विराट कोहली के बारे में सवाल पूछे जाते हैं कि वह अच्छा कर रहे हैं या नहीं. चिंता की कोई बात नहीं है. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह (कोहली) आईपीएल से खेलकर आया है और शानदार बल्लेबाजी कर रहा है. यहां दो तीन बार इस तरह आउट होने से कुछ नहीं बदलता. वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है.’’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

राठौड़ को भरोसा है कि भारत का नंबर एक बल्लेबाज तब अच्छा प्रदर्शन करेगा जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी. उन्होंने कहा, ‘‘वह बेहतर बल्लेबाजी के लिए भूखा है और इसके लिए तैयार है. मुझे लगता है कि एक बल्लेबाज के तौर पर यह अच्छी चीज है.’’ राठौड़ ने कहा, ‘‘हम कुछ अच्छे मैच के लिए तैयार हैं. हमने उसकी कुछ अच्छी पारियां देखी हैं. ’’

भारतीय बल्लेबाजी कोच ने शिवम दुबे और अक्षर पटेल सहित चार ऑलराउंडर को टीम में बनाए रखने से संबंधित सवाल को टाल दिया. उन्होंने कहा,‘‘हम अपनी टीम में लचीलापन चाहते हैं. हमें परिस्थितियों को ध्यान में रखने और उसी के अनुसार फैसला करने की जरूरत है. हमारे पास किसी भी तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त विकल्प हैं.’’

Editor's Pick