×

'यही होता है जब आप बॉस...', विराट कोहली के भाई ने इशारों-इशारों में गौतम गंभीर पर साधा निशाना, बाद में डिलीट किया पोस्ट

IND vs SA Guwahati Test: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के भाई विकास कोहली ने टीम प्रबंधन पर निशाना साधा है. विकास ने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उनकी बातों से साफ जाहिर था कि वह टीम प्रबंधन से खुश नहीं हैं. हालांकि...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - November 26, 2025 9:29 AM IST

नई दिल्ली: विराट कोहली के बड़े भाई विकास कोहली ने इशारों-इशारों में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और टीम प्रबंधन पर निशाना साधा है. भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट मैच में संघर्ष कर रही है. खास तौर पर बल्लेबाजों को बहुत परेशानी हो रही है. और इसी पर विकास कोहली ने टिप्पणी की है. भारत को कोलकाता में हुए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में 30 रन से हार का सामना करना पड़ा था. भारतीय टीम के सामने गुवाहाटी टेस्ट में भी 549 रन का टारगेट था और चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 27 रन के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर्स के विकेट खो दिए थे. और यहां से मैच जीतना बहुत ही मुश्किल है.

विकास कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए लेकिन बाद में उन्होंने उन्हें हटा लिया. इन पोस्ट में विकास ने इशारों में गौतम गंभीर के अगुआई वाले टीम प्रबंधन पर सवाल खड़े किए. विकास ने उन बदलावों को सवालों के घेरे में रखा जो गंभीर के कार्यकाल के दौरान हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक सिस्टम जिसने अतीत में भारत को टेस्ट क्रिकेट में नतीजे दिए हैं उसमें बेवजह की छेड़छाड़ ने बिगाड़ दिया है. हालांकि विकास ने अपने पोस्ट में गौतम गंभीर का नाम नहीं लिया लेकिन उनके मेसेज से यही अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनका इशारा नए कोच और जिम्मेदारी संभालने के बाद टीम के काम करने के तरीके में आए बदलाव की ओर था.

विकास कोहली ने लिखा था, ‘एक वक्त था जब हम विदेशी परिस्थितियों में खेलकर भी जीतते थे. ऐसा ही होता है जब आप बॉस बनने की कोशिश करते हो और उन चीजों को सुधारने की गैरजरूरी कोशिश करते हो जो खराब ही नहीं हैं.’ हालांकि विकास कोहली ने ये पोस्ट बाद में हटा लीं.

मौजूदा टीम प्रबंधन में मुख्य कोच गौतम गंभीर, मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और टेस्ट व वनडे के कप्तान शुभमन गिल के अलावा टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव शामिल हैं.

गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम का टेस्ट प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है. इसमें लगातार गिरावट साफ देखी जा सकती है. उनके कार्यकाल में भारतीय टीम को जीत से ज्यादा हार मिली है. और खास तौर पर घरेलू धरती पर भारतीय टीम लगातार हार रही है. और यहां उसका संघर्ष वाकई परेशान करने वाला है.

समस्या यह है कि इस दौरान भारत के टॉप 6 बल्लेबाजों का घरेलू मैदान पर औसत 30 से कम रहा है. और भारतीय टीम लगातार 300 के स्कोर तक नहीं पहुंच पा रही है. और यह उन आंकड़ों के काफी उलट है जो वह लगातार पहले हासिल करती आई है. टीम का खेल जिस तरह से नीचे जा रहा है उसे विराट कोहली और रोहित शर्मा के हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने से जोड़कर भी देखा जा रहा है.

भारत को घर पर न्यूजीलैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम 1-3 से हारी. और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल तक नहीं पहुंच पाई.

TRENDING NOW

और अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारत घर पर एक और क्लीन-स्वीप की कगार पर है. और इसके बाद उसका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचना भी काफी मुश्किल हो जाएगा.