Virat Kohli ने की पूर्व महिला क्रिकेटर की मदद, मां के इलाज के लिए दिए 6.77 लाख

पूर्व महिला क्रिकेटर केएस श्रवंती नायडु श्रवंती ने हैदराबाद समेत अन्य क्रिकेट संघों से मदद की गुहार लगाई थी.

Edited By : India.com Staff |May 20, 2021, 11:09 AM IST

Published On May 20, 2021, 11:09 AM IST

Last UpdatedMay 20, 2021, 11:09 AM IST

भारत में इस वक्त कोरोना की दूसरी लहर चल रही है. ऐसे में भारतीय खिलाड़ी कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए सामने आए हैं. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) अपनी ओर से लगातार हरसंभव कोशिश कर रहे हैं. पूर्व महिला क्रिकेटर केएस श्रवंती नायडु (K.S Sravanthi Naidu) का परिवार भी इस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रहा है. उनकी मां एसके सुमन कोरोना संक्रमित हैं और हॉस्पिटल में इलाज जारी है. ऐसे कठिन वक्त में कोहली ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रवंती ने हैदराबाद समेत अन्य क्रिकेट संघों से मदद की गुहार लगाई थी. यहां तक कि भारत के फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मदद की अपील की. पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष एन शिवलाल यादव की बहन एन विद्या ने ट्वीट करते हुए विराट कोहली को टैग किया था. श्रवंती माता-पिता के इलाज के लिए पहले ही 16 लाख रुपये खर्च कर चुकी थीं. कोहली ने उन्हें 6.77 लाख रुपये दिए हैं, ताकि श्रवंती की मां का इलाज जारी रह सके. इस मदद के लिए श्रवंती ने विराट कोहली का आभार जताया है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हाल ही में विराट कोहली और उनकी वाइफ अनुष्का शर्मा ने क्राउड फंडिंग के जरिए कोरोना राहत के लिए 11.39 करोड़ रुपये जुटाए थे. #InThisTogether नाम से 7 मई को एक कैंपेन की शुरुआत की गई थी, जिसके 7 दिन बाद ही लक्ष्य के लिए निर्धारित की गई रकम जुटा ली गई. खुद ‘विरुष्का’ ने 2 करोड़ रुपये का दान दिया.

बता दें कि इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले भारतीय क्रिकेटरों में रविचंद्रन अश्विन, वॉशिंगटन सुंदर, मयंक अग्रवाल, मोहम्मद सिराज और महिला टीम की कप्तान मिताली राज बुधवार को मुंबई पहुंच गए. कुछ अन्य क्रिकेटरों में रिद्धिमान साहा, जो अभी-अभी कोविड-19 से उबरे हैं, और स्टैंडबाय खिलाड़ी 24 मई को मुंबई पहुंचेंगे. कप्तान विराट कोहली और मुंबई में रहने वाले अन्य खिलाड़ी भी 24 मई को शामिल होंगे.

भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीम एकसाथ इंग्लैंड दौरे पर जाएगी. पुरुष टीम को जहां 18 से 22 जून तक साउथम्पटन में न्यूजीलैंड के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है, तो वहीं महिला टीम को एक टेस्ट मैच और तीन वनडे तथा इतने ही टी20 मैचों की सीरीज भी खेलनी है.

Editor's Pick