IPL 2026: जैकब डफी, देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने मचाया धमाल, आरसीबी की धमाकेदार जीत
सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के सामने जीत के लिए 202 रन का टारगेट रखा था, आरसीबी की टीम ने इस टारगेट को 15.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.
Published On Mar 28, 2026, 11:25 PM IST
Last UpdatedMar 28, 2026, 11:25 PM IST
Virat Kohli devdutt padikkal
RCB VS SRH IPL 2026: देवदत्त पडिक्कल के 26 गेंद में 61 रन और विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक की मदद से गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 सत्र की शुरूआत शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद पर छह विकेट से जीत के साथ की. पडिक्कल और कोहली (38 गेंद में नाबाद 69) के बीच दूसरे विकेट के लिये सिर्फ 45 गेंद में 101 रन की साझेदारी की मदद से आरसीबी ने जीत के लिये 202 रन के लक्ष्य को 15.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया. आईपीएल के इतिहास में यह सबसे कम बॉल में 200 प्लस का सफल रन चेज है. इससे पहले साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 15.5 ओवर में 200 प्लस का टारगेट चेज किया था. जैकब डफी को तीन विकेट चटकाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
202 रन के टारगेट के जवाब में ओपनर फिल साल्ट के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
पडिक्कल ने 21 बॉल में जड़ा अर्धशतक
पडिक्कल ने तेज गेंदबाज डेविड पेन के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया जबकि स्पिनर हर्ष दुबे को लगातार चौका छक्का जड़ा, उन्होंने हर्षल पटेल को चौका लगाकर सिर्फ 21 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.
कोहली का अर्धशतक, रजत पाटीदार की तूफानी पारी
दूसरी ओर कोहली ने तेज गेंदबाजों जयदेव उनादकट और ऐशान मलिंगा को नसीहत दी, पावरप्ले में आरसीबी ने 76 रन बना लिये थे और सौ रन 8 . 1 ओवर में बन गए. पडिक्कल को हेनरिच क्लासेन ने पवेलियन भेजा जिन्होंने हर्षल की गेंद पर पहले लांग आन में कोहली का कैच टपकाया था जब वह 28 रन पर थे. कोहली ने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. वहीं आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंद में 31 रन बनाए. कोहली ने आखिर में 16वें ओवर में हर्षल की चार गेंदों पर छक्का और तीन चौके लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया.
ईशान किशन ने बनाए 80 रन
इससे पहले कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट पर 201 रन बनाए. ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए, उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की ।
आरसीबी के कप्तान पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर करीब दस महीने बाद क्रिकेट की वापसी हुई है. पिछले साल आरसीबी के पहली बार खिताब जीतने के बाद जश्न में मची भगदड़ के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत होने से इस मैदान पर क्रिकेट नहीं हो रहा था.
जैकब डफी ने गेंद से बरपाया कहर
आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिये. न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया. अभिषेक शर्मा (सात) खुलकर खेल नहीं सके हालांकि उन्होंने डफी को बैकवर्ड प्वाइंट पर छक्का लगाया था. शॉर्ट गेंद के सामने हमेशा असहज होने वाले अभिषेक ने डफी की गेंद पर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच थमाया. इससे पहले शुरूआती ओवर में ही अभिषेक को डफी की ही गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने की अपील पर आरसीबी ने एक डीआरएस रिव्यू गंवा दिया था. ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को भी डफी ने आउट किया, सनराइजर्स ने पांचवें ओवर में ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे और पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था.
ईशान ने हालांकि दबाव में आये बिना साहसिक पारी खेली और 27 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया. उन्होंने अभिनंदन सिंह को एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया, इसके बाद स्पिनर कृणाल पंड्या को भी दो छक्के जड़े. अभिनंदन ने ही हालांकि ईशान को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर फिल साल्ट के हाथों लपकवाया. आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज 59 रन ही बना सके, अनिकेत वर्मा ने 19 गेंद में 43 रन बनाये जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था.
इनपुट- भाषा