add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

फैंस की बल्ले-बल्ले, 15 साल बाद इस ट्रॉफी में खेलेंगे विराट कोहली, रोहित शर्मा भी आएंगे नजर

विराट कोहली आखिरी बार इस टूर्नामेंट में 2010 में खेले थे. और इसके बाद 15 साल का वक्त गुजरने के बाद वह दोबारा इस घरेलू टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 3, 2025 8:24 AM IST

नई दिल्ली: विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे. दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा है कि विराट ने इसकी पुष्टि कर दी है. घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत 24 दिसंबर से होगी.

कोहली अब भारत के लिए सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं. वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. विराट कोहली 15 साल बाद इस ट्रॉफी में खेलेंगे. पिछली बार साल 2010 में वह सेना के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में खेले थे.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में वनडे सीरीज के पहले मैच में कोहली ने शानदार शतक बनाया. यह वनडे इंटरनेशनल करियर में उनका 52वां शतक था. क्रिकेट के बाकी दोनों फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले चुके कोहली ने दिखाया कि वह अब भी शानदार लय में हैं

कोहली ने बारबडोस में 2024 विश्व कप में भारत की जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था. और इस साल मई में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था.

जेटली ने पीटीआई से कहा, ‘उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है. वह कितने मैच खेलेंगे यह अभी साफ नहीं है. बेशक उनके होने से दिल्ली ड्रेसिंग रूम को बहुत बढ़ावा मिलेगा.’

दिल्ली विजय हजारे ट्रॉफी में अपना अभियान 24 दिसंबर को बेंगलुरु में आंध्र के खिलाफ शुरू करेगा. प्रतियोगिता में टीम कुल छह मैच खेलेगी.

जब कोहली मैदान पर होंगे तो प्रशंसकों के बड़ी संख्या में मैदान पर आने की उम्मीद है. इस साल की शुरुआत में कोहली एक रणजी ट्रॉफी मैच में आकर्षण का केंद्र थे जब उन्होंने 12 साल से अधिक समय में अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेला था.

कोहली को खेलते हुए देखने के लिए 12000 से अधिक लोग आए थे. यह संख्या लंबे समय से किसी घरेलू मैच के लिए नहीं सुनी गई थी.

कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की तैयारी के लिए रणजी ट्रॉफी में लौटे थे लेकिन एक हैरान करने वाले फैसले में उन्होंने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी.

बीसीसीआई ने कॉन्ट्रैक्टड क्रिकेटरों के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य कर दिया है. हालांकि अगर वे चोटिल हों या राष्ट्रीय टीम के लिए खेल रहे हों तब उन्हें इससे रियायत मिलती है.

इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट से संन्यास लेने वाले रोहित शर्मा के भी विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलने की उम्मीद है. कोहली और रोहित दोनों ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में रन बनाए थे. उन्होंने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कई महीनों में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था.

ऑस्ट्रेलिया में पहले दो मैचों में खाता खोलने में नाकाम रहने के बाद कोहली ने तीसरे और आखिरी मैच में उन्होंने 74 रन बनाए थे. ​​रोहित ने सिडनी में हुए उसी मैच में शतक लगाया था.