'न्यूजीलैंड के खिलाफ WTC फाइनल के बाद रोहित शर्मा को सीमित फॉर्मेट की कप्तानी दे सकते हैं विराट कोहली'
विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम साउथम्पटन में 18 जून से आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलेगी।
Published On May 29, 2021, 10:57 AM IST
Last UpdatedMay 29, 2021, 10:57 AM IST
(BCCI)
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयनकर्ता किरण मोरे (Kiran More) का कहना है कि वो समय जल्द आएगा जब विराट कोहली (Virat Kohli) सीमित ओवर फॉर्मेट की कप्तानी रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को सौंप देंगे।
मोरे के कहा कि भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिफ फाइनल मैच के बाद कई चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। यानि कि कोहली सीमित ओवर फॉर्मेट टीम को लेकर बड़ा फैसला ले सकते हैं।
भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कहा कि कोहली ने दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से बहुत कुछ सीखा है और वो इस विश्व कप विजेता कप्तान की तरह, रोहित को कम से कम एक फॉर्मेट की कप्तानी दे सकते हैं।
इंडिया टीवी से बातचीत में मोरे ने कहा, “मुझे लगता है कि बोर्ड का विजन इन चीजों को आगे बढ़ाता है। मुझे विश्वास है कि रोहित शर्मा को जल्द ही मौका मिलेगा। विराट कोहली एक चालाक कप्तान हैं जो धोनी के नेतृत्व में खेले। वो कब तक वनडे और टी20 की कप्तानी करना चाहते हैं, वो भी सोचेंगे। इंग्लैंड दौरे के बाद आप इन फैसलों के बारे में और जानेंगे।”
ये पूछे जाने पर कि क्या टीम इंडिया में अलग फॉर्मेट-अलग कप्तान की नीति काम कर सकती है, इस पर मोरे ने कहा कि तीन फॉर्मेट में कप्तानी करना एक समय के बाद बहुत थका देने वाला हो सकता है।
उन्होंने कहा, “ये भारत में काम कर सकती है। सीनियर खिलाड़ी भारतीय टीम के भविष्य के बारे में क्या सोचते हैं ये बहुत महत्वपूर्ण है। विराट कोहली के लिए तीन फॉर्मेट की कप्तानी करना इतना आसान नहीं है और साथ ही उन्हें अच्छा प्रदर्शन भी करना होता है। और मैं उन्हें इसका श्रेय देता हूं क्योंकि कप्तानी करते हुए हर फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करना…. लेकिन, मुझे लगता है कि एक समय ऐसा आएगा जब विराट कोहली कहेंगे ‘अब बहुत हो गया, रोहित को टीम का नेतृत्व करने दो’।”
कोहली को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक बताते हुए, मोरे ने कहा, “ये वास्तव में बहुत स्वस्थ होगा। और ये भारतीय क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़ा संदेश है जो पीढ़ियों तक चलता रहेगा। ये सम्मान के बारे में है कि अगर रोहित शर्मा अच्छा कर रहे हैं तो उन्हें एक मौका दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि विराट कोहली एक उदाहरण सेट करेंगे। अगर वो ऐसा करता है तो ये महान मिसाल होगी। भविष्य उसके फैसले पर निर्भर करेगा – वो कितना आराम चाहता है, अगर वो टेस्ट या वनडे टीम की कप्तानी करना चाहता है। वो भी एक इंसान है, उसका दिमाग भी थक जाता है।”