यह आराम का मामला है या कोहली की चॉइस का मामला है, क्या है हकीकत

इसका अंदाजा तो था, पर सवाल दूसरा था। जब विराट का नाम नहीं होगा तो उसे क्या कहा जाएगा। बाहर या आराम। और यह दुविधा देखी भी गई।

Edited By : Bharat Malhotra |Jul 14, 2022, 04:39 PM IST

Published On Jul 14, 2022, 04:39 PM IST

Last UpdatedJul 14, 2022, 04:39 PM IST

नई दिल्ली: गुरुवार दोपहर को क्रिकेट जगत में अचानक हलचल मच गई। वेस्टइंडीज दौरे पर भारत की टी20 टीम में विराट कोहली का नाम नहीं था। हालांकि इस बात का अंदेशा पहले से था लेकिन सवाल दूसरा था। क्या कोहली को आराम दिया गया है या फिर उन्हें टीम से बाहर किया गया है। क्या सिलेक्टर्स ने कोहली पर कड़ा फैसला ले लिया है या फिर यह टीम इंडिया की रोटेशन पॉलिसी का हिस्सा है।

बल्ला शांत, उठते सवाल

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

विराट कोहली का बल्ला काफी समय से शांत है। खबरें थीं कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और वनडे सीरीज उनके लिए काफी अहम हैं। यह भी कहा गया कि कोहली अगर इन सीरीज में अपने बल्ले का जौहर नहीं दिखाएंगे तो सिलेक्टर्स उन पर कड़ा फैसला ले सकते हैं। पहले टी20 में विराट कोहली नहीं खेले थे। और इसके बाद अगले दो टी20 इंटरनैशनल में भी वह बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए। दो मैचों में उन्होंने एक और 11 रन की पारियां खेलीं।

कपिल-प्रसाद ने उठाए सवाल

सवाल गहरे होते गए? कपिल देव के बाद पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश ने भी कोहली की टीम में जगह पर सवाल उठाए। वेंकटेश प्रसाद ने कहा था कि खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर चुना जाना चाहिए न कि रेप्युटेशन के सवाल पर। तो क्या कोहली के नंबर वाकई इतने खराब हैं। कम से टी20 इंटरनैशनल में तो ऐसा नहीं कहा जा सकता। कोहली ने अभी तक 99 टी20 इंटरनैशनल मैचों में 3308 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 50.12 का है और स्ट्राइक रेट 131.94 का।

क्या वाकई इतना खराब है कोहली का रिकॉर्ड

साल 2021 की जनवरी से बात करें तो इस फॉर्मेट में कोहली ने 14 मैचों की 12 पारियों में 380 रन बनाए हैं। उनका औसत 47.50 का है और 5 हाफ सेंचुरियां लगाई हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 131 का रहा है। यानी कोहली के करियर औसत और स्ट्राइक रेट से उनके ‘बुरे वक्त’ में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है।

बदला-बदला है टीम इंडिया का अंदाज

पर, यहां से दूसरा सवाल भी निकलता है। क्या कोहली टीम इंडिया की नई अप्रोच में फिट नहीं होते? हमने इंग्लैंड के खिलाफ हालिया मैचों में देखा कि भारतीय बल्लेबाज पहली ही गेंद से आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं। विकेट गिरने के बाद भी रनों की रफ्तार को कम नहीं होने देना, टी20 क्रिकेट में भारतीय टीम का नया फॉर्म्युला है। और शायद कोहली का खेल ऐसा नहीं है। कोहली सेट होने में कुछ वक्त लेते हैं और पारी आगे बढ़ने के साथ-साथ रन बनाने की गियर बदलते हैं।

तो, आखिर क्या है सच्चाई

पर फिर उसी सवाल पर आते हैं- क्या कोहली को ब्रेक दिया गया है या फिर उन्हें बाहर किया गया है। कोहली, जिन्होंने बीते करीब तीन साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई शतक नहीं लगाया है, पर सवाल गहरे हैं। और ऐसे में उन्हें ‘बाहर’ किए जाने को लेकर चर्चा होना आम है। पर, हालिया मीडिया रिपोर्ट्स में पहले यह चर्चा थी कि कोहली को वेस्टइंडीज दौरे पर आराम दिया जा सकता है।

कोहली ने मांगा था आराम

अंग्रेजी वेबसाइट क्रिकबज ने 7 जुलाई को ही बता दिया था कि कैरेबियाई दौरे पर टीम इंडिया अपनी पूरी क्षमता के साथ जाएगी, सिवाय विराट कोहली के। खबर में यह भी कहा गया था कि इस सीरीज के लिए टीम में रविचंद्रन अश्विन को भी बुलाया जा सकता है। और ये दोनों दावे सही साबित हुए। अश्विन बीते सात महीने से ज्यादा वक्त से सीमित ओवरों में नहीं खेले हैं।

खबर थी कि कोहली ने खुद कैरेबियाई दौरे से आराम मांगा था। और टीम प्रबंधन ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार करने का संकेत दे दिया था।

सब एक राय हैं

वेबसाइट ने आगे बताया था कि अश्विन को शामिल करने के पीछे का उद्देश्य टी20 वर्ल्ड कप से पहले सभी तरह के संयोजन को आजमाने की है। चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा भी इस पर एकराय हैं। हालांकि यह बात भी साफ कर दी गई थी कि कोहली को आराम देने का अर्थ यह नहीं होगा कि वर्ल्ड कप के लिए योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। खबर के मुताबिक कोहली ने कधु ही बीसीसीआई से अनुरोध किया था कि वेस्टइंडीज दौरे पर उनके नाम की चर्चा न की जाए। तो, मामला आराम देने का ही लगता है, बाहर करने का नहीं।

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick