×

दूसरे वनडे में विराट तोड़ सकते है ए बी डीविलियर्स का रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में कोहली के पास सबसे तेज 7,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का मौका होगा

user-circle cricketcountry.com Written by Indo-Asian News Service
Last Updated on - January 14, 2016 6:49 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में विराट कोहली की नजर एक और कीर्तिमान को हासिल करने पर होगी © PTI
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में विराट कोहली की नजर एक और कीर्तिमान को हासिल करने पर होगी © PTI

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के साथ गाबा मैदान पर होने वाले दूसरे एकदिवसीय मुकाबले के साथ एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहेंगे। विराट कोहली को एकदिवसीय करियर में 7,000 रन पूरे करने के लिए 78 रनों की दरकार है। अगर वह गाबा पर ये रन जुटा लेते हैं तो वह सबसे तेज 7,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। अब तक सबसे तेजी से 7,000 रन बनाने का रिकार्ड दक्षिण अफ्रीका के ए बी डीविलियर्स के नाम है। डीविलियर्स ने 166 पारियों में इतने रन जुटाए हैं। पर्थ में हुए पहले मैच में 91 रन बनाने वाले कोहली अब तक 167 मैचों में 159 पारियां खेली हैं। वह 50.89 के औसत से अब तक कुल 6922 रन बना चुके हैं। इसमें 23 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। ALSO READ: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, ब्रिस्बेन वनडे प्रिव्यू: सीरीज में बराबरी करने उतरेगा भारत

कोहली के पास डीविलियर्स का रिकार्ड तोड़ने के लिए अभी छह पारियां हैं। सबसे तेजी से 7,000 रन पूरे करने का भारतीय रिकार्ड सौरव गांगुली के नाम है, जिन्होंने 174 पारियों में इतने रन बनाए हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा के मैदान पर होने वाले दूसरे वनडे मैच में 78 रन बनाने में सफल रहे तो वह 7,000 या उससे अधिक एकदिवसीय रन बनाने वाले विश्व के 36वें और भारत के आठवें खिलाड़ी बन जाएंगे।

TRENDING NOW

भारत के लिए विराट कोहली से अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर (18,426), सौरव गांगुली (11,363), राहुल द्रविड़ (10,889), मोहम्मद अजहरूद्दीन (9,378), महेंद्र सिंह धोनी (8,850), युवराज सिंह (8,329), वीरेंद्र सहवाग (8,273) शामिल हैं।