×

PSL में चमका Virat Kohli का पोस्टर, फैन बोला- पाकिस्तान में आकर जड़ो शतक

विराट कोहली का यह पाकिस्तानी फैन पीएसएल मैच देखने आया था. इस दौरान उसने विराट कोहली का यह पोस्ट लहराकर अपनी यह ख्वाइश जाहिर की.

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - February 18, 2022 9:57 PM IST

दुनिया भर में अपनी बल्लेबाजी से नाम कमाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के मुरीद पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी खूब हैं. पाकिस्तान में इन दिनों वहां की टी20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2022) खेली जा रही है. लेकिन यहां दर्शकदीर्घा में विराट कोहली के पोस्टर लहरा रहे हैं. पीएसएल में भारतीय खिलाड़ी नहीं खेलते हैं लेकिन इसके बावजूद सीमा पार मौजूद यह फैन विराट के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर करने के लिए उनका पोस्टर लहराने से खुद को नहीं रोक पाया.

इस पोस्टर में विराट कोहली (Virat Kohli) टीम इंडिया की जर्सी में अपने ब्रैंडेड बल्ले MRF से शॉट खेलते दिख रहे हैं. इस पोस्ट में इस फैन ने अपनी ख्वाइश भी जाहिर की है. दरअसल विराट कोहली के फैन और इंटरनेशनल क्रिकेट बिरादरी बीते 2 साल से भी ज्यादा समय से उनके 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक का इंतजार कर रहे हैं. इस फैन की ख्वाइश भी इससे जुदा नहीं है.

https://twitter.com/ImTanujSingh/status/1494651573229686786?s=20&t=lcd0aBEFHD_zAhvwabKXUA

लेकिन इसके साथ ही उसने यह भी जोड़ दिया कि वह चाहता है कि विराट अपना शतक पाकिस्तान आकर यहां की धरती पर बनाएं. इस फैन ने इस पोस्टर पर लिखा, ‘मैं आपका शतक पाकिस्तान में देखना चाहता हूं. हैशटैग पीस (शांति).’

हालांकि इस फैन की यह ख्वाइश बेमानी लगती है क्योंकि दोनों देश बीते एक दशक से भी ज्यादा समय से एक-दूसरे के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रहे हैं. भारत ने आखिरी बार 2008 में पाकिस्तान का दौरा किया था, तब वह एशिया कप खेलने वहां गया था, तब भारत एशिया कप जीतकर आया था लेकिन तब तक विराट कोहली भारतीय टीम में नहीं खेलते थे.

इसके बाद से दोनों देशों के राजनीतिक रिश्तों में तल्खी आ गई और करीब एक दशक से भी ज्यादा का समय बीत चुका है. ये देश एक-दूसरे से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलते हैं. हालांकि दोनों टीमों का आमना-सामना आईसीसी टूर्नामेंट में होता रहा है.