- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Virat kohli Rohit Sharma remain very integral part of our ODI team Says Shubman Gill
क्या 2027 वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा होंगे रोहित- विराट ? शुभमन गिल ने खत्म किया सस्पेंस
भारतीय कप्तान ने कहा, जब टीम में अनुभवी खिलाड़ी होते हैं तो दबाव की स्थिति में स्वाभाविक रूप से संयम बना रहता है, क्योंकि वे ऐसी परिस्थितियों का कई बार सामना कर चुके होते हैं, अनुभव किसी भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है.
Published On Jul 13, 2026, 09:20 PM IST
Last UpdatedJul 13, 2026, 09:20 PM IST
Shubman Gill
भारत और इंग्लैंड की टीम मंगलवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होगी. इस मैच से पहले भारतीय कप्तान ने भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है. शुभमन गिल ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव और कौशल का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि दोनों 50 ओवर के प्रारूप में भारतीय टीम का अभिन्न हिस्सा हैं. गिल के इस बयान के बाद 2027 वनडे वर्ल्ड कप में दोनों दिग्गजों के खेलने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है. गिल ने साफ किया कि दोनों की जगह प्लानिंग में बनी हुई है.
भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले गिल ने कहा कि टीम को उम्मीद है कि रोहित और कोहली अपनी अनुभवी बल्लेबाजी से टीम को जीत की राह पर लौटाएंगे. इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था.
वनडे टीम का अभिन्न हिस्सा हैं रोहित- विराट: गिल
गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, विराट भाई और रोहित भाई पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं और वे आज भी हमारी वनडे टीम का अभिन्न हिस्सा हैं. उन्होंने कहा, दोनों का अनुभव और कौशल टीम के लिए बेहद अहम है, हमने पिछले दस सालों में अलग-अलग परिस्थितियों, टूर्नामेंटों और बड़े मुकाबलों में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन देखा है.
अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से होता है फायदा: गिल
गिल ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से दबाव की परिस्थितियों में टीम को काफी फायदा मिलता है. उन्होंने कहा, जब टीम में अनुभवी खिलाड़ी होते हैं तो दबाव की स्थिति में स्वाभाविक रूप से संयम बना रहता है, क्योंकि वे ऐसी परिस्थितियों का कई बार सामना कर चुके होते हैं, अनुभव किसी भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है.
‘नेट सत्र में कोहली के साथ टीम कॉम्बिनेशन पर हुई चर्चा’
गिल ने बताया कि उन्होंने नेट सत्र में कोहली के साथ 2027 में साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम संयोजन पर चर्चा की. उन्होंने कहा, हम इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए सबसे उपयुक्त संयोजन क्या हो सकता है, कौन-से खिलाड़ी अभी टीम में नहीं हैं लेकिन भविष्य में उपयोगी साबित हो सकते हैं, हमने तेज गेंदबाजों, हरफनमौला और स्पिनरों सहित कई विकल्पों पर बात की.
‘बुमराह की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा’
गिल ने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा.बुमराह को आईपीएल 2026 के बाद थकान और चोट से बचाने के लिए आराम दिया गया था. उन्होंने कहा, बुमराह कुछ समय बाद टीम में लौट रहे हैं, उम्मीद है कि उन्होंने इस वनडे सीरीज से पहले पर्याप्त गेंदबाजी की होगी, आशा है कि यह सीरीज उनके लिए अच्छी रहेगी और हम जीत के साथ इसका समापन करेंगे.