×

रोहित-विराट 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेल सकते हैं, अगर..., गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल की बड़ी भविष्यवाणी

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के 2027 के वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - November 28, 2025 11:14 PM IST

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्नी मार्केल का मानना है कि स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली में 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलने की क्षमता है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ रविवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज से पहले मोर्कल का यह बयान काफी अहम है. रोहित और विराट तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे.

मोर्कल ने भरोसा जताया कि ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी अब भी इस स्तर पर खेल सकते हैं. उन्होंने इनके अनुभव और बड़े टूर्नामेंट में इनके कमाल के प्रदर्शन पर बात की.

मोर्कल ने कहा, ‘अभी तो काफी वक्त बाकी है… वे स्तरीय खिलाड़ी हैं. अगर वह फिटनेस के लिए मेहनत करते रहते हैं, तो बेशक.’

मोर्कल इस साल अगस्त में भारत के गेंदबाजी कोच बने थे. उन्होंने कहा, ‘वे बेशक 2027 का वर्ल्ड कप खेल सकते हैं. अगर मानसिक और शारीरिक रूप से उन्हें लगता है कि वे ऐसा कर सकते हैं तो बेशक कर सकते हैं.’

उन्होंने कहा, ‘मेरा हमेशा से अनुभव में विश्वास रहा है. और अनुभव आपको कहीं और से नहीं मिलता. उन्होंने ट्रॉफियां जीती हैं, उन्हें पता है कि बड़े टूर्नामेंट कैसे खेले जाते हैं. तो, पक्के तौर पर वे वर्ल्ड कप खेल सकते हैं. मैं उनके खिलाफ काफी मैच खेला हूं. उन्हें गेंदबाजी करने से पहले मुझे रातों को नींद नहीं आती थी. तो मैं तो यही कहता हूं कि कोहली और रोहित वर्ल्ड कप खेलेंगे.’

भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली करारी हार से उबरने की कोशिश कर रही है. मोर्कल ने कहा कि टीम को अब तुरंत तैयार होकर सफेद गेंद के क्रिकेट पर ध्यान लगाना होगा क्योंकि आत्मविश्वास से भरी मेहमान टीम से मुकाबला करने के लिए लय हासिल करना बेहद जरूरी है.

TRENDING NOW

भारत को कोलकाता और गुवाहाटी में दो टेस्ट हारकर 0-2 से शर्मनाक हार मिली है और अब टीम इसी प्रतिद्वंद्वी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी.