×

IND VS SA: एडेन मारक्रम के शतक से साउथ अफ्रीका ने जीता दूसरा वनडे, कोहली- गायकवाड़ की सेंचुरी 'बेकार'

भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 359 रन का विशाल लक्ष्य रखा था, साउथ अफ्रीका ने इस लक्ष्य को छह विकेट खोकर हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 3, 2025 11:04 PM IST

IND VS SA 2nd ODI: विराट कोहली के लगातार दूसरे शतक और रुतुराज गायकवाड़ के करियर के पहले शतक के बावजूद भारतीय टीम को रायपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में हार का सामना करना पड़ा. एडेन मारक्रम के शतक और मैथ्यू ब्रीत्जके और डेवाल्ड ब्रेविस के अर्धशतक की मदद से साउथ अफ्रीका ने भारत को चार विकेट से हरा दिया.

भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 359 रन का विशाल लक्ष्य रखा था, साउथ अफ्रीका ने इस लक्ष्य को छह विकेट खोकर हासिल कर लिया. साउथ अफ्रीका का वनडे में यह तीसरा सबसे सफल रन चेज है. साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ दो मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. सीरीज का तीसरा मैच छह दिसंबर को खेला जाएगा.

359 रन के टारगेट के जवाब में साउथ अफ्रीका ने डि कॉक (08) का विकेट जल्दी गंवा दिया, अर्शदीप सिंह ने उनका विकेट हासिल किया. मगर इसके बाद एडेन मारक्रम और टेम्बा बावुमा ने शतकीय साझेदारी की. दोनों बल्लेबाजों ने 101 रन जोड़े. टेम्बा बावुमा 46 रन की पारी खेलकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने.

एडेन मारक्रम ने जड़ा शतक

एडेन मारक्रम दूसरे वनडे में अपना शतक जड़ा, बतौर ओपनर यह उनका पहला शतक है. मारक्रम ने 98 बॉल में 110 रन की पारी खेली. अपनी पारी में मारक्रम ने 10 चौके और 04 छक्के लगाए. मारक्रम का विकेट हर्षित राणा के नाम रहा. मारक्रम और ब्रीत्जके के बीच 70 रन की साझेदारी हुई.

ब्रीत्जक- ब्रेविस के बीच 92 रन की साझेदारी

मारक्रम के आउट मैथ्यू ब्रीत्जके और डेवाल्ड ब्रेविस ने तेजतर्रार 92 रन जोड़े और साउथ अफ्रीका को जीत के करीब पहुंचाया. डेवाल्ड ब्रेविस 34 गेंद में 54 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने, वहीं मैथ्यू ब्रीत्जके 68 रन (64 बॉल) प्रसिद्ध कृष्णा को अपना विकेट दे बैठे. मैथ्यू ब्रीत्जके का विकेट जब गिरा, तब साउथ अफ्रीका को 43 रन की जरुरत थी. मार्को जानसेन (02) बड़ी पारी नहीं खेल सके और अर्शदीप सिंह का दूसरा शिकार बने. टोनी डी जार्जी 17 रन (11 बॉल) रिटायर्ड हर्ट हो गए.

कार्बिन बॉश (15 बॉल में 29 रन नाबाद) और केशव महाराज (10 रन नाबाद) की जोड़ी ने इसके बाद साउथ अफ्रीका को 49.2 ओवर में जीत दिला दी.

इससे पहले भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में पांच विकेट पर 358 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. कोहली (102 रन, 93 गेंद, सात चौके, दो छक्के) और गायकवाड़ (105 रन, 83 गेंद, 12 चौके, दो छक्के) ने शतक जड़ने के अलावा तीसरे विकेट के लिए 195 रन की सझेदारी भी की जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में इस विकेट की भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है. कप्तान केएल राहुल ने भी अंतिम ओवरों में 43 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों से नाबाद 66 रन की उम्दा पारी खेली.

भारत ने गंवाया लगातार 20वां टॉस

भारत को एक बार फिर टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी का मौका मिला. भारतीय टीम ने लगातार 20वां टॉस गंवाया. टीम की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा (14) ने नांद्रे बर्गर के पांचवें ओवर में लगातार तीन चौके मारे लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच दे बैठे. यशस्वी जायसवाल (22) ने अच्छी शुरुआत की लेकिन मार्को यानसेन (63 रन पर दो विकेट) की उछाल लेती गेंद को हवा में लहराकर स्क्वायर लेग पर कोर्बिन बॉश के हाथों लपके गए. पावरप्ले के भीतर भारत का स्कोर दो विकेट पर 62 रन हो गया लेकिन फॉर्म में चल रहे कोहली और गायकवाड़ ने इसके बाद मोर्चा संभाला.

विराट कोहली- रुतुराज गायकवाड़ ने जड़ा शतक

रांची में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए असहज नजर आने वाले गायकवाड़ ने यहां कोहली के साथ शानदार साझेदारी की और दोनों ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेले. कोहली ने फरवरी 2018 में डरबन में अजिंक्य रहाणे के साथ 189 रन की साझेदरी की थी लेकिन कुछ मायनों में गायकवाड़ के साथ इस साझेदारी का उन्होंने अधिक लुत्फ उठाया होगा क्योंकि महाराष्ट्र के इस बल्लेबाज ने उनकी ही शैली में बल्लेबाजी की. दोनों बल्लेबाजों ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और कुछ मौकों पर आसानी से एक रन को दो रन में बदला. गायकवाड़ शुरुआत में थोड़े असहज नजर आए लेकिन एक बार आत्मविश्वास हासिल करने के बाद उन्होंने कई आकर्षक शॉट खेले.

TRENDING NOW

गायकवाड़ ने मारक्रम की गेंद पर एक रन के साथ अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया. कोहली ने भी लुंगी एनगिडी की गेंद पर एक रन के साथ 47 गेंद में अर्धशतक जड़ा. अर्धशतक पूरा करने के बाद गायकवाड़ ने केशव महाराज पर दो चौके जड़े और फिर इस स्पिनर के 28वें ओवर में भी दो चौके और एक छक्का मारा. उन्होंने 34वें ओवर में कोर्बिन बॉश पर लगातार दो चौकों के साथ 77 गेंद में अपने करियर का पहला शतक पूरा किया.शतक पूरा करने के तुरंद बाद गायकवाड़ ने यानसेन की गेंद पर टॉनी डिजॉर्जी को कैच थमाया. कोहली ने भी यानसेन की गेंद पर एक रन के साथ रिकॉर्ड में सुधार करते हुए 53वां शतक पूरा किया लेकिन फिर एनगिडी की गेंद पर एडेन मारक्रम को कैच दे बैठे. अंतिम ओवरों में भारत ने धीमी बल्लेबाजी की लेकिन कप्तान राहुल ने अर्धशतक जड़कर टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया.