×

विजय हजारे ट्रॉफी: विराट कोहली ने 15 साल वापसी पर लगाया शतक, सचिन की लिस्ट में बनाई जगह

विराट कोहली की विजय हजारे ट्रॉफी में दमदार तरीके से वापसी की. कोहली 15 साल बाद इस टूर्नामेंट में खेल रहे थे और अपनी वापसी पर उन्होंने कमाल की सेंचुरी लगाई. उन्होंने बता दिया कि आखिर क्यों उन्हें वनडे क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज कहा जाता है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 24, 2025 5:19 PM IST

विराट कोहली की विजय हजारे ट्रॉफी में दमदार तरीके से वापसी की. कोहली 15 साल बाद इस टूर्नामेंट में खेल रहे थे और अपनी वापसी पर उन्होंने कमाल की सेंचुरी लगाई. उन्होंने बता दिया कि आखिर क्यों उन्हें वनडे क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज कहा जाता है.

दिल्ली के सामने आंध्र प्रदेश ने 299 रन का टारगेट रखा था. इस टारगेट को आसान नहीं कहा जा सकता था. कोहली ने एक बार फिर लक्ष्य का पीछा करने का जिम्मा उठाया. दिल्ली को शुरुआत में ही झटका लग गया था. लेकिन विराट के लिए मुश्किल वक्त में बल्लेबाजी करना कोई नई बात नहीं. वह बरसों से ऐसा करते आए हैं. और बुधवार को भी उन्होंने ऐसा ही किया. उनका शॉट सिलेक्शन बहुत अच्छा था.

विराट ने 94 गेंद पर 118 रन की पारी खेली. कोहली ने अपनी पारी में ऑफ साइड पर कई अच्छे शॉट्स खेले. उनके ऑफ साइड के खेल पर हालिया वक्त में काफी पैनी नजर रही है. और कोहली इस पारी में उन समस्याओं पर भी काबू पाते नजर आए. उन्होंने ऑफ साइड पर पांच चौके और तीन छक्के लगाए.

और इस पारी में वह भी दिखा जो विराट कोहली की सबसे बड़ी खासियत कही जा सकती है. वह है विकेटों के बीच दौड़. यह उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात रही है. कोहली के 37 रन सिंगल्स में आए. और 8 डबल्स में.

विराट कोहली ने इस पारी के दौरान निजी उपलब्धि भी हासिल की. कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए जिन्होंने लिस्ट ए फॉर्मेट में 16000 रन पूरे किए हों. कोहली ने अपने 343वें मैच में 16000 लिस्ट ए पूरे किए. कुल मिलाकर कोहली 9वे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस फॉर्मेट में 16000 रन पूरे किए हों. इससे कोहली के प्रदरेशन की निरंतरता का पता चलता है.

लिस्ट-ए में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

खिलाड़ी मैच पारियां नाबाद कुल रन सर्वाधिक स्कोर औसत सेंचुरी हाफ-सेंचुरी
ग्राहम गूच 613 601 48 22211 198* 40.16 44 139
ग्राहम हिक 651 630 96 22059 172* 41.30 40 139
सचिन तेंदुलकर 551 538 55 21999 200* 45.54 60 114
कुमार संगकारा 529 501 54 19456 169 43.52 39 120
विवियन रिचर्ड्स 500 466 61 16995 189* 41.96 26 109
रिकी पोंटिंग 456 445 53 16363 164 41.74 34 99
गॉर्डन ग्रीनिज 440 436 33 16349 186* 40.56 33 94
सनथ जयसूर्या 557 542 25 16128 189 31.19 31 82
विराट कोहली 343 330 50 16130 183   58 84

कोहली की पारी आखिर 101 गेंद पर 131 रन के निजी स्कोर पर समाप्त हुई. उन्हें पीवीएसएन राजू ने आउट किया. कोहली ने अपनी पारी में 14 चौके और तीन छक्के लगाए. इसके बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने उतरे दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने कोहली को उनकी पारी के लिए सराहा.

घरेलू क्रिकेट में कोहली के प्रदर्शन पर गहरी नजर रखी जाएगी. विराट अब टेस्ट और वनडे फॉर्मेट से रिटायर हो चुके हैं. और वह अब सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेलते हैं. कोहली अभी 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने के दावेदार हैं. और वह अपने प्रदर्शन से आलोचकों के सवालों के जवाब देते रहेंगे. कोहली ने हालिया वक्त में वनडे फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खत्म हुई तीन वनडे मैचों की सीरीज में दो शतक और एक पारी में 65 रन बनाए थे.

कोहली के साथ ही रोहित शर्मा ने भी अपनी वापसी पर सेंचुरी लगाई. रोहित ने मुंबई के लिए खेलते हुए सिक्किम के खिलाफ 155 रन की पारी खेली. रोहित सात साल बाद इस टूर्नामेंट में खेल रहे थे. हालांकि इन दोनों मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग या कवरेज नहीं थी. इस वजह से फैंस इसे देखने का लुत्फ नहीं उठा पाए. और जब फैंस ने यह देखा होगा कि उनके दोनों पसंदीदा बल्लेबाजों ने शतक लगाया है लेकिन वे उसे नहीं देख पाएंगे तो खीझ थोड़ी और बढ़ गई होगी.