कोहली का फिटनेस ब्लूप्रिंट...टी-20 विश्व कप से पहले अजीत अगरकर ने विराट की तारीफों के पुल बांधे
अगरकर ने कहा, कोहली जैसे लोगों को देखें, वह उन लोगों में से एक हैं जो मानक स्थापित करते हैं. अपने करियर में 10-15 वर्षों में वह और भी फिट हो गए हैं और आप परिणाम देख सकते हैं.
Published On Apr 10, 2024, 06:11 PM IST
Last UpdatedApr 10, 2024, 06:11 PM IST
(Image credit-IPLT20.Com)
मुंबई. टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का टी-20 विश्व कप में खेलना लगभग तय है. विश्व कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान मई के पहले हफ्ते में होने की संभावना है, उससे पहले चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बड़ा इशारा किया है. चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने कहा कि विराट कोहली द्वारा डिजाइन किए गए ‘फिटनेस ब्लूप्रिंट’ का पूरे भारतीय क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रभाव पड़ा है. अगरकर ने इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी को विशुद्ध रूप से मन की सुनने वाला व्यक्ति करार दिया.
कोहली भले ही 35 साल के हों लेकिन सबसे कठिन फिटनेस ड्रिल करने के मामले में वह किसी से पीछे नहीं हैं. अगरकर ने ‘स्पोर्टिफाई विद पीआरजी’ से कहा, आप विराट (कोहली) जैसे लोगों को देखें, वह उन लोगों में से एक हैं जो मानक स्थापित करते हैं. अपने करियर में 10-15 वर्षों में वह और भी फिट हो गए हैं और आप परिणाम देख सकते हैं. यदि उनके जैसा कोई व्यक्ति उदाहरण स्थापित करता है और कुछ चीजें जिनकी आपको आवश्यकता है या कुछ फिटनेस स्तर जिनकी आपको आवश्यकता है, उन्हें सामने रखता है तो धीरे-धीरे यह पूरे पारिस्थितिकी तंत्र में प्रगति करता है.
उन्होंने कहा, धीरे-धीरे यह (युवा पीढ़ी तक) आगे बढ़ा है, पिछले 15-20 वर्षों में आपने जो एक अंतर देखा है वह खिलाड़ियों का फिटनेस स्तर है. कोहली आईपीएल के मौजूदा सत्र में शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने रिकॉर्ड में सुधार करते हुए आठवां आईपीएल शतक जड़ा और अब तक पांच मैचों में 316 के साथ सबसे सफल बल्लेबाज हैं.
अगरकर ने धोनी की जमकर तारीफ की
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने एमएस धोनी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता धोनी जैसे किसी व्यक्ति का विकल्प नहीं हो सकती जिनकी कप्तानी की प्रवृत्ति अविश्वसनीय है. अगरकर ने कहा, जितना डेटा उपलब्ध है, वह अविश्वसनीय है. आप एक पूरी पारी की योजना बना सकते हैं और मुझे लगता है कि अब हर कोई ऐसा करता है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह हर समय काम करेगा, आपको मैदान पर एक कप्तान की जरूरत है क्योंकि सब कुछ आपकी योजना के अनुसार नहीं होने वाला.
उन्होंने कहा, किसी विशेष दिन पर ऐसा हो सकता है लेकिन अधिकांश दिन ऐसा नहीं होगा और यहीं आपको मानवीय प्रवृत्ति की आवश्यकता होती है, यही कारण है कि आप महेंद्र सिंह धोनी को एक महान कप्तान कहते हैं क्योंकि उनके पास खेल के लिए एक अहसास था। वह जानते थे कि क्या हो रहा है और कैसे खेल बदल रहा है.