add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IND VS SA: रांची में कोहली का बजा 'डंका', कुलदीप ने गेंद से किया कमाल, पहले वनडे में भारत की रोमांचक जीत

साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 350 रन का टारगेट रखा था, साउथ अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 332 रन पर ढेर हो गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 30, 2025 10:18 PM IST

IND VS SA 1st ODI: भारतीय दिग्गज विराट कोहली (135 रन) के शानदार 52वें वनडे शतक और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की मदद से भारत ने वनडे सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है. रविवार को रांची में खेले गए गए पहले वनडे मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 17 रन से हरा दिया. जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की है. सीरीज का दूसरा मैच तीन दिसंबर बुधवार को खेला जाएगा. विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 350 रन का टारगेट रखा था, साउथ अफ्रीका की टीम 332 रन पर ढेर हो गई. कुलदीप यादव ने चार विकेट अपने नाम किए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

350 रन के टारगेट के जवाब में साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही. साउथ अफ्रीका ने 11 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए. रियान रिकेल्टन और डि कॉक बिना खाता खोले हर्षित राणा का शिकार बने. मारक्रम (07) का विकेट अर्शदीप सिंह के नाम रहा. मैथ्यू ब्रीत्जके ने टोनी डी जार्जी (39) और डेवाल्ड ब्रेविस (37) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर साउथ अफ्रीका को मैच में बनाए रखा. ब्रीत्जके ने इसके बाद मार्को जानसेन के साथ 97 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी.

कुलदीप ने एक ओवर में दो विकेट लेकर पलटा मैच

मैथ्यू ब्रीत्जके (70 रन) और मार्को जानसेन (39 बॉल में 70 रन) जब तक क्रीज पर थे, टीम इंडिया की सांसे अटकी थी, साउथ अफ्रीका ने 33 ओवर में पांच विकेट पर 227 रन बना लिए थे, मगर कुलदीप यादव ने 34वें ओवर में पहले जानसेन और ब्रीत्जके को आउट कर टीम इंडिया की वापसी कराई.

कॉर्बिन बॉश ने आखिरी के ओवरों में 51 बॉल में 67 रन की पारी खेलकर साउथ अफ्रीका को मैच में एक बार फिर वापस लाया, हालांकि दूसरे छोर से विकेट गिरता रहा, जिससे साउथ अफ्रीका की टीम लक्ष्य से दूर रह गई. आखिरी ओवर में साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 18 रन बनाने थे, प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर की दूसरी बॉल पर कार्बिन बॉश आउट हो गए और भारत ने इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया. कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 68 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए.

विराट ने जड़ा शतक, रोहित के साथ की शतकीय साझेदारी

भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में 50 ओवर में आठ विकेट पर 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.कोहली ने 120 गेंद की तेज पारी के दौरान 11 चौके और सात छक्के जमाए. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा (51 गेंद में 57 रन) के साथ 136 रन की साझेदारी की. उन्होंने अपनी पारी से चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को याद दिलाया कि वह इस प्रारूप में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बने हुए हैं.

रोहित ने तोड़ा अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड

रोहित के पास भी खुद को साबित करने का एक शानदार मंच था, उन्होंने एक रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाया और मार्को यानसन की गेंद पर पगबाधा होने से पहले अर्धशतक जड़ा. इस दौरान उन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के शाहिद अफरीदी (351) के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

इससे पहले भारत ने लगातार 19वां टॉस गंवाया. टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (18 रन) का विकेट जल्दी गंवा दिया, जिसके बाद कोहली क्रीज पर उतरे. रांची के दर्शकों को रोहित-कोहली (रो-को) की जोड़ी से जैसे प्रदर्शन की उम्मीद थी, उन्होंने वैसा ही खेल दिखाया.रोहित को बर्गर की गेंद पर टोनी डी जोर्जी ने कैच छोड़कर जीवनदान दे दिया और इस बल्लेबाज ने इसका फायदा उठाते हुए यानसन और बॉश के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगा दीं. उन्होंने यानसन पर पांच गेंद के अंदर दो बाउंड्री लगाईं और बॉश की अंदर आती गेंदों को आसानी से फ्लिक किया और शॉर्ट गेंदों को पुल किया।

कोहली शानदार फॉर्म में दिख रहे थे और उन्होंने बर्गर की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से छक्का मारकर अपने इरादे स्पष्ट किए. इसके बाद उन्होंने एक शानदार कवर ड्राइव लगाया. दोनों ने साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की लाइन एवं लेंथ में हुई गलती का फायदा उठाते हुए तेजी से रन बनाए जिससे कार्यवाहक कप्तान एडन मारक्रम को ऑफस्पिनर प्रेनलन सुब्रयन को मैदान में उतारना पड़ा, लेकिन रन गति में कमी नहीं हुई. कोहली ने बॉश की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि रोहित ने एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया, जिससे भारत ने जल्दी ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया, यानसन ने आखिरकार रोहित को पगबाधा आउट किया, इससे भारत की रन गति थोड़ी देर के लिए धीमी हुई.

TRENDING NOW

गायकवाड़ ने किया निराश, कोहली ने बनाया रिकॉर्ड

23 महीने बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे रुतुराज गायकवाड़ (08) फ्लॉप रहे, उनका डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार कैच लपका, हालांकि पांचवें नंबर पर उतारे गए वाशिंगटन सुंदर (13) जल्दी जल्दी आउट हो गए. विराट कोहली डटे रहे और वनडे करियर का 52वां शतक जड़कर किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने. इसके अलावा वह भारत- साउथ अफ्रीका वनडे मैच में सबसे ज्यादा शतक (06) लगाने वाले बल्लेबाज भी बने.

कोहली के शतक पूरा करने के तुरंत बाद एक प्रशंसक सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अंदर आ गया, वह घुटने के बल उनके सामने बैठ गया और उनके पैर छुए जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर किया. कप्तान केएल राहुल (60 रन) स्पिनर सुब्रयन पर शॉट लगाने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो कोहली ने इस गेंदबाज पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 21 रन बनाए. 2027 विश्व कप में अभी कुछ समय है लेकिन कोहली ने सबको याद दिला दिया कि उनकी लय बरकरार है और उनकी रनों की भूख हमेशा की तरह बरकरार है.