×

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जरूरत से ज्यादा आक्रामकता दिखा रहे थे विराट कोहली: स्टीव वॉ

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का कहना है कि बतौर कप्तान कोहली को सीखने की जरूरत है।

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Published on - February 27, 2018 4:22 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ का मानना है कि हाल में हुए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर विराट कोहली जरूरत से ज्यादा आक्रामक थे लेकिन ये भारतीय कप्तान के रूप में उनके विकास का हिस्सा है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने टेस्ट सीरीज 1-2 से हारने के बाद वनडे और टी20 सीरीज जीत ली। वॉ ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘‘मैंने उसे दक्षिण अफ्रीका में देखा और मुझे लगता है कि वह जरूरत से ज्यादा कर रहा था लेकिन ये कप्तान के लिए सीखने की चीज है।’’

[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/india-womens-squad-for-australia-odis-announced-688940″][/link-to-post]

वॉ ने कहा कि कोहली को संतुलन बनाने की जरूरत है क्योंकि टीम में सभी खिलाड़ी उनकी तरह नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कप्तान के रूप में वो अब भी विकास कर रहा है और अपने रोमांच और भावनाओं को काबू में रखने के लिए उसे कुछ समय चाहिए लेकिन वह इसी तरह खेलता है। मुझे लगता है कि उसे सिर्फ इतना समझने की जरूरत है कि टीम में सभी लोग इस तरह नहीं खेल सकते। (अजिंक्य) रहाणे और (चेतेश्वर) पुजारा जैसे खिलाड़ी काफी धैर्यवान और शांत हैं इसलिए उसे सिर्फ इतना समझने की जरूरत है कि कुछ खिलाड़ी अलग होते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वो अभी काफी अच्छी तरह टीम की अगुआई कर रहा है। उसके अंदर वो एक्स फेक्टर है और इसलिए वो चाहता है कि बाकी टीम भी उसकी तरह ही खेले। वो चाहता है कि टीम हमेशा सकारात्मक होकर खेले और जितनी जल्दी हो सके जीत दर्ज करे। पिछले कुछ सालों में खेल के सभी फॉर्मेट में उनकी जीत का रिकार्ड काफी अच्छा रहा है। विराट की अपनी टीम के लिए बड़ी महत्वाकांक्षाएं हैं। वह सभी फॉर्मेट में नंबर एक बनना चाहता है जो आजकल मुश्किल है।’’

कोहली और भारत की नजरें अब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में जीत दर्ज करने पर टिकी हैं जो टेस्ट क्रिकेट में उसकी अगली दो बड़ी चुनौतियां हैं। भारत इंग्लैंड में अगस्त और सितंबर में पांच टेस्ट की सीरीज खेलेगा जबकि 2018-19 की गर्मियों में टीम को ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैच खेलने हैं। वॉ का मानना है कि ऐसा करना आसान नहीं होगा और ऑस्ट्रेलिया में भारत की सफलता के लिए कोहली अहम होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया जीत का प्रबल दावेदार होगा क्योंकि घरेलू मैदान पर हमारा रिकॉर्ड इतना अच्छा है, जैसे भारत का भारत में। बेशक ऑस्ट्रेलिया में कोहली का प्रदर्शन महत्वपूर्ण होगा। पिछली बार उसने ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन किया था।’’