- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Virender Sehwag: Murali Vijay got his chance, Prithvi shaw, KL Rahul should open in Test series against Australia
विजय की नहीं बनती टीम में जगह, सहवाग ने इस सलामी जोड़ी को दी तरजीह
मुरली विजय इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के कारण सीरीज के बीच में ही ड्रॉप कर दिए गए थे।
Published On Nov 29, 2018, 08:40 PM IST
Last UpdatedNov 29, 2018, 08:40 PM IST
Murali Vijay (File Photo) © AFP
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मुरली विजय को टीम में जगह मिलना काफी मुश्किल है। मुरली विजय ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला था। दोनों पारियों में शून्य पार आउट होने के बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ बाकी के मैचों में भी जगह नहीं दी गई।
मुरली विजय ने इसके बाद इंग्लैंड में ही एसेक्स काउंटी टीम की तरफ से खेलते हुए शानदार पारियां खेली। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें स्क्वाड में शामिल किया गया है।
वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि मौजूदा समय में सलामी बल्लेबाजी में पृथ्वी शॉ और केएल राहुल की मौजूदगी के कारण मुरली विजय का टीम में शामिल हो पाना मुश्किल है। विजय को टीम में जगह बनाने के लिए अभी इंतजार करना होगा।
सहवाग ने कहा, “मेरी नजर में केएल राहुल और पृथ्वी शॉ से ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सलामी बल्लेबाजी करानी चाहिए। ये दोनों भारत की नंबर-1 पसंद होने चाहिए। दोनों ही आक्रमक क्रिकेट खेलते हैं। अगर दोनों भारत को अच्छी शुरुआत दिलाते हैं तो मुझे लगता है कि भारत अच्छा प्रदर्शन करेगा।”
वीरेंद्र सहवाग ने कहा, “अगर मैं टीम का कप्तान होता तो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर केएल राहुल और पृथ्वी शॉ को पूरी सीरीज में खेलने का मौका देता। मुरली विजय को अपना मौका मिल चुका है। अब उन्हें मौके का इंतजार करना होगा। अगर इन आठ पारियों में दोनों में से कोई फ्लॉप होता है तो मैं विजय को फिर से मौका देना चाहूंगा।”
सहवाग ने कहा, “जब भी आप टीम से ड्रॉप किए जाते वो अन्य खिलाड़ी आपकी जगह लेने का इंतजार कर रहे होते हैं। अब राहुल और पृथ्वी को खुद को साबित करने का सही मौका मिलना चाहिए। पृथ्वी अपने आप को साबित कर चुका है। वो भारतीय टीम का भविष्य है। हालांकि राहुल इस साल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देता नजर नहीं आया है। उसने इस साल 24.70 की औसत से महज 420 रन ही बनाए हैं।”
इंग्लैंड दौरे पर केएल राहुल ने महज आखिरी टेस्ट मैच में शतक जड़ा था। इससे पहले वो सभी पारियों में फ्लॉप रहे थे। सहवाग ने कहा, “मुझे लगता है कि राहुल ने अपनी गलती को पकड़ लिया है। वो लेग स्टंप के बाहर खड़ा हो रहा था। वो अक्रोस खेलने की कोशिश करता और एलबीडब्ल्यू आउट हो जाता। ऑस्ट्रेलिया में ज्यादा स्विंग और सीम नहीं मिलेगी। गेंद सीधे बल्ले पर खेलने के लिए आएगी। मुझे लगता है राहुल रन बनाएगा। उसे बस थोड़ा संयम रखने की जरूरत है।”