- Home
- News
- Virender Sehwag, PT Usha will be in the Committee for selection of Arjuna Award and Khel Ratna
वीरेंद्र सहवाग चुनेंगे खेल रत्न-अर्जुन पुरस्कार विजेताओं के नाम
सहवाग के साथ धावक पीटी उषा को भी इस समिति में जगह दी गई है।
Published On Jul 28, 2017, 08:39 AM IST
Last UpdatedJul 28, 2017, 08:39 AM IST

ट्विटर किंग और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ उड़नपरी पी टी उषा को इस साल खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार के चयन के लिये गठित समिति में शामिल किया गया है जबकि बैडमिंटन कोच पी गोपीचंद द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं की सिफारिश करने वाली समिति की अध्यक्षता करेंगे। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) सी के ठक्कर अर्जुन पुरस्कार समिति के अध्यक्ष होंगेज जो इस साल के पुरस्कार विजेताओं का चयन करने के लिये समिति की तीन अगस्त को बैठक करेगी।
समिति के अन्य सदस्यों में मुकुंद किलेकर (मुक्केबाजी), सुनील डबास (कबड्डी), एम आर मिश्रा (पत्रकार), एस कन्नन (पत्रकार), संजीव कुमार (पत्रकार), लता माधवी (पैरा एथलीट), अनिल खन्ना (खेल प्रशासक), इंजेती श्रीनिवास (महानिदेशक साई) और राजवीर सिंह (संयुक्त सचिव खेल मंत्रालय) शामिल हैं। गोपीचंद की अगुवाई वाली द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों की समिति में 10 सदस्य हैं जिसमें शीर्ष क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी भी शामिल हैं। [ये भी पढ़ें: भारत ने श्रीलंका पर कसा शिकंजा, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर 154/5]
पिछले दिनों सहवाग तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने ब्रिटिश पत्रकार पियर्स मॉर्गन को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मजाक उड़ाने के लिए मुंहतोड़ जवाब दिया था। मॉर्गन ने विश्व फाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया के हार जाने के बाद सहवाग की चुटकी लेनी चाही लेकिन वीरू ने पलट कर उन्हें ही आईना दिखा दिया।