- क्रिकेट न्यूज़
- News
- virender sehwag to pujara cricketers special message on ajinkya rahane retirement
सहवाग से लेकर पुजारा तक, रहाणे के संन्यास पर हर किसी ने भेजा खास मैसेज
गुरुवार को अजिंक्य रहाणे ने रिटायरमेंट का ऐलान कर हर किसी को चौंका दिया था. उनके रिटायरमेंट पर अब क्रिकेट के दिग्गज उन्हें लगातार बधाई संदेश भेज रहे हैं.
Published On Jul 30, 2026, 07:02 PM IST
Last UpdatedJul 30, 2026, 07:02 PM IST
भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर प्रतिक्रिया करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह सीनियर बल्लेबाज अपने करियर पर बहुत गर्व कर सकता है. 38 वर्षीय रहाणे ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के तीन साल बाद सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की. उन्होंने 2011 से 2023 तक कुल 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले.
आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना शानदार
पुजारा ने एक्स पर लिखा, ‘‘‘अजिंक्य आपको ऐसे करियर के लिए बधाई जिस पर आप बेहद गर्व कर सकते हैं. आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है. आपको और आपके परिवार को नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.’’ भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा, ‘‘ एक शानदार करियर का अंत हो गया. भारतीय क्रिकेट में आपके अमूल्य योगदान और कई अमिट यादों के लिए आपका आभार. आपको नहीं पारी के लिए शुभकामनाएं.’’
सहवाग ने भी दी रहाणे को बधाई
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने मैदान पर रहाणे के जुझारूपन की सराहना की. सहवाग ने 2020-2021 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत का जिक्र करते हुए लिखा, ‘‘भारत के सबसे कम आंके जाने वाले क्रिकेटरों में से एक और वह व्यक्ति जिसने भारत को विदेशों में टेस्ट सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाई. अंजिक्य रहाणे. शांत, मजबूत. कभी शोर नहीं किया और अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहा.’’
रहाणे ने नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी. भारत की दो बार ओलंपिक पदक जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने 2014 के दौरे पर लॉर्ड्स में रहाणे की 103 रन की पारी को याद किया, जिसने उस मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
सिंधू ने लिखा, ‘‘आपको संन्यास के बाद की खुशनुमा जिंदगी के लिए शुभकामनाएं अजिंक्य. आपका करियर साहस, धैर्य और बेहद कठिन परिस्थितियों में खेली गई कुछ अविश्वसनीय पारियों का प्रमाण रहा है. 2014 में लॉर्ड्स में सबसे मुश्किल परिस्थितियों में खेली गई आपकी वह शानदार 103 रन की पारी हमेशा यादगार रहेगी.’’
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने एक खिलाड़ी और एक कप्तान के रूप में रहाणे के संयम की सराहना की. धवन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘अजिंक्य कितने दौरे, कितने ड्रेसिंग रूम और कितनी यादें. कप्तान के रूप में भी तुझे उतना ही शांत देखा और टीम के साथी के रूप में भी उतना ही भरोसेमंद. बाहर से हमेशा शांत लेकिन अंदर से भारत के लिए लड़ने वाला इंसान. अब अगला अध्याय भी उतना ही खूबसूरत हो.’’
मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि रहाणे मुंबई क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ दूत में से एक थे. नाइक ने कहा, ‘‘अजिंक्य रहाणे के संन्यास से भारतीय क्रिकेट के एक उल्लेखनीय अध्याय समाप्त हो गया है. उनकी लगन, दबाव में भी शांत रहने की क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने प्रतिबद्धता ने उन्हें मुंबई क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ दूत में से एक बना दिया. उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी.’’
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने ऑस्ट्रेलिया में रहाणे के योगदान की सराहना करते हुए लिखा, ‘‘आपको अपने शानदार करियर के लिए बधाई अजिंक्य. क्रिकेट के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के कुछ यादगार पलों के लिए धन्यवाद. भविष्य के लिए शुभकामनाएं दोस्त.’’