add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

वीवीएस लक्ष्मण ने बताया रोहित शर्मा के IPL में बतौर कप्तान सफल होने का राज

रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - May 29, 2020 12:58 PM IST

वेरी-वेरी स्पेशल के नाम से मशहूर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है. लक्ष्मण का कहना है कि रोहित का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कप्तान के तौर सफलता का सबसे बड़ा कारण दबाव की परिस्थितियों में भी शांत चित बने रहना है.

रोहित की कप्तानी में मुंंबई ने 4 खिताब जीते हैं 

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

मुंबई इंडियंस के 33 वर्षीय कप्तान रोहित ने अब तक आईपीएल में चार खिताब जीते हैं जो चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से एक खिताब अधिक है. इससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं.

लक्ष्मण ने याद किया कि डेक्कन चार्जर्स की तरफ से पहले आईपीएल में खेलते हुए रोहित एक बल्लेबाज और नेतृत्वकर्ता के रूप में कैसे बेहतर बना.

उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में कहा, ‘वह डेक्कन चार्जर्स की टीम में रहते हुए ही नेतृत्वकर्ता बन गया था. जब वह पहले साल आया तो काफी युवा था और तब वह टी20 विश्व कप में ही खेला था और उसे भारत की तरफ से पदार्पण किए हुए ज्यादा समय नहीं हुआ था.’

लक्ष्मण ने कहा, ‘हमारी टीम आईपीएल के पहले सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी लेकिन रोहित ने बेहतरीन खेल दिखाया था. उसने जिस तरह से मध्यक्रम में दबाव में बल्लेबाजी की वह शानदार था.’

आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में रोहित तीसरे नंबर पर हैं 

रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने अब तक 188 मैचों में 31.60 की औसत से 4898 रन बनाए हैं जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 109 रन है.

लक्ष्मण ने कहा, ‘प्रत्येक मैच और हर एक सफलता के बाद उसका आत्मविश्वास बढ़ता गया. वह कोर ग्रुप में शामिल हो गया. वह युवाओं की मदद करता और अपने विचार रखता. यह उसकी नेतृत्वक्षमता के शुरुआती लक्षण थे.’

उन्होंने कहा, ‘लेकिन सबसे महत्वपूर्ण दबाव की परिस्थितियों से पार पाना था क्योंकि इस तरह की मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करके उसने साबित किया था और वह निरंतर बेहतर बनता रहा. यही वजह है कि वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक है.’