वीवीएस लक्ष्मण के 281 रन किसी भारतीय की सर्वश्रेष्ठ पारी : राहुल द्रविड़

द्रविड़ ने कहा कि उन्हें ज्यादा क्रिकेट देखना पसंद नहीं लेकिन वह लक्ष्मण की पारी का भरपूर आनंद लेते हैं।

Edited By : Cricket Country Staff |Dec 21, 2018, 06:40 PM IST

Published On Dec 21, 2018, 06:40 PM IST

Last UpdatedDec 21, 2018, 06:40 PM IST

VVS-Laxman-Rahul-Dravid © Getty Images (file photo)

महान भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ईडन गार्डंस में खेली गई वीवीएस लक्ष्मण की 281 रन की पारी को किसी भारतीय बल्‍लेबाजी की ओर से खेली गई सर्वश्रेष्ठ पारी करार दिया।

अपने जमाने में भारतीय टीम की दीवार के नाम से प्रसिद्ध इस बल्लेबाज ने कहा, ‘बिना किसी शक के, उस समय की परिस्थितियों और नतीजे को देखते हुए मुझे लगता है कि 281 रन की पारी किसी भारतीय की ओर से खेली गई सबसे महत्वपूर्ण और महान पारी थी।’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पढ़ें: मिताली, हरमनप्रीत वनडे और टी20 की कप्तान बनी रहेंगी, वेदा कृष्णामूर्ति बाहर

लक्ष्मण की किताब ‘281 एंड बियोंड’ के लॉन्च के मौके पर गुरुवार की रात इस पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘किसी भारतीय की ओर से खेली गई सर्वश्रेष्ठ पारी को देखने के लिए मैं मैदान में सबसे बेहतरीन जगह पर था।’

‘लक्ष्‍मण की उस पारी को देखना शानदार अनुभव रहा’

द्रविड़ ने इस ऐतिहासिक पारी के दौरान शॉट खेलने की उनकी क्षमता की भी तारीफ की।

उन्होंने ने कहा, ‘मैं अभी भी इसकी कल्पना करता हूं कि कैसे वह शेन वॉर्न के खिलाफ आगे बढ़कर लेग स्टंप से बाहर हटकर कवर की तरफ गेंद को मारते थे। वह ऐसा तब भी आसानी से करते थे जब गेंद लेग स्टंप से काफी दूर टप्पा खाती थी। कोलकाता की स्पिन लेती पिच पर वह मिडिल और ऑफ स्टंप की गेंद को आसानी से फ्लिक कर रहे थे।’

पढ़ें: ‘हम चाहते थे कि कुंबले पद पर बने रहें लेकिन उन्‍होंने इनकार कर दिया’

उन्होंने कहा, ‘ग्लेन मैक्‍ग्रा और जैसन गेलेस्पी की गेंदों को वह शानदार तरीके से ड्राइव कर रहे थे। जिस तरह से उन्होंने यह पारी खेली, मुझे लगता है उन्हें बल्लेबाजी करते देखना शानदार अनुभव रहा।’

द्रविड़ को पसंद नहीं अपनी खुद की बल्‍लेबाजी देखना

द्रविड़ ने कहा कि उन्हें ज्यादा क्रिकेट देखना पसंद नहीं लेकिन वह लक्ष्मण की पारी का भरपूर आनंद लेते हैं।

उन्होंने कहा, ‘यह देखना वाकई में शानदार था। कई बार मैं ज्यादा क्रिकेट देखना पसंद नहीं करता हूं। जब कभी पुराना मैच दिखाया जाता है तब मैं खुद की बल्लेबाजी देखना पसंद नहीं करता हूं। अगर मैं उस मैच में खेल रहा होता हूं तो चैनल बदल देता हूं।’

इस मैच में 180 रन की पारी खेलने के साथ लक्ष्मण के साथ पांचवें विकेट के लिए 376 रन की साझेदारी करने वाले द्रविड़ ने कहा कि वह अच्छे फॉर्म में नहीं थे लेकिन लक्ष्मण की बल्लेबाजी से उन्हें काफी हौसला मिला।

पढ़ें: विराट कोहली की भूख भारत को अभी भी जीत का दावेदार बनाती है: विव रिचडर्स

लक्ष्मण ने कहा कि उन्होंने और द्रविड़ ने गेंद की योग्यता पर बल्लेबाजी की तथा साझेदारी के दौरान दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई लेकिन अच्छा शॉट खेलने के बाद दोनों एक दूसरे का हौसला बढ़ाते थे।

उन्होंने कहा, ‘हमारे लिए वह काफी कठिन परिस्थिति थी। हम मौजूदा स्थिति के बारे में सोच रहे थे। हम फॉलोऑन के बाद 274 रन पीछे थे। हम सिर्फ गेंद की योग्यता के हिसाब से खेल रहे थे। हमारे पास बातचीत के लिए ज्यादा समय नहीं था। हम सिर्फ ‘एक और ओवर’ खेलने के बारे में बात कर रहे थे।’

(इनपुट-एजेंसी)

Editor's Pick