- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Want to see who will cross Sachin Tendulkar’s runs: Inzamam ul haq
'देखना चाहता हूं कि सचिन तेंदुलकर के रनों के पहाड़ को कौन पार करेगा'
भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 664 मैचों में कुल 34,357 रन बनाए हैं।
Published On Feb 25, 2020, 08:37 PM IST
Last UpdatedFeb 25, 2020, 08:37 PM IST
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान इंजमाम उल हक ने कहा है कि उन्हें इंतजार है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के सचिन तेंदुलकर के रिकार्ड को कौन बल्लेबाज तोड़ता है। सचिन ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 664 मैचों में कुल 34,357 रन बनाए हैं।
इंजमाम ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “वो क्रिकेट के लिए पैदा हुए थे। मुझे हमेशा से लगता है कि क्रिकेट और वो एक दूसरे के लिए बने थे। मैं सर्वकालिक महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बात कर रहा हूं।”
भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली को सचिन के रिकार्ड को तोड़ने के सबसे प्रबल दावेदार के रूप में देखा जाता है, लेकिन इंजमाम इंतजार कर देखना चाहते हैं कि कौन मास्टर ब्लास्टर के रनों के पहाड़ को पार करता है।
Asia XI vs World XI मैच में विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस को मिल सकती है कप्तानी
उन्होंने कहा, “मुझे इस बात पर अभी भी हैरानी होती है कि उन्होंने 16-17 साल की उम्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया और शानदार काम किया। ये तभी मुमकिन हो सकता है जब कोई असाधारण हो। बल्कि असाधारण से भी आगे कोई है, तो वो हैं सचिन। कहना आसान है, करना मुश्किल। उन्होंने वकार यूनुस और वसीम अकरम के सामने 16 साल की उम्र में पदार्पण किया था। उन्होंने जिस तरह की क्रिकेट खेली, जिस गेंदबाजी आक्रमण के सामने खेली, वो चमत्कारिक था।”
सचिन इकलौते ऐसे क्रिकेटर हैं जिनके नाम 100 अंतर्राष्ट्रीय शतक हैं। सचिन ने अपने करियर में 200 टेस्ट और 463 वनडे के अलावा एक टी-20 अंतर्राष्ट्रीय भी खेला था।
टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज बाबर आजम को एशिया XI में जगह ना मिलने से भड़के फैंस
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि उनकी दूसरी सबसे बड़ी विशेषता उनके रिकार्ड हैं। उस दौरान, इतने रन बनाने का चलन नहीं था। महान खिलाड़ी आठ, साढ़े आठ हजार रन तक बनाते थे। सिर्फ सुनील गावस्कर ने 10 हजार रन बनाए थे और ऐसा लगता था कि रिकार्ड नहीं टूटेगा। लेकिन सचिन ने रन बनाकर सारे रिकार्ड तोड़ दिए। अब मुझे इंतजार है कि सचिन के रनों के पहाड़ को कौन पार करेगा।”