फिटनेस से समझौता करना पाकिस्तान की सबसे बड़ी समस्या: वकार यूनिस

पूर्व कप्तान वकार यूनिस ने विश्व कप 2019 में खराब प्रदर्शन के लिए अनफिट सीनियर खिलाड़ियों पर निशाना साधा।

Edited By : Cricket Country Staff |Jul 21, 2019, 09:57 AM IST

Published On Jul 21, 2019, 09:57 AM IST

Last UpdatedJul 21, 2019, 09:57 AM IST

वकार यूनिस © AFP

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वकार यूनिस ने विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन का ठीकरा उन सीनियर खिलाड़ियों पर फोड़ा है जो अपने करियर का आखिरी समय आने के बावजूद संन्यास नहीं ले रहे हैं। यूनिस ने इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर सवाल उठाए हैं और ये गुजारिश की है कि टीम चयन के समय फिटनेस जैसे मुद्दे को हल्के में ना लिया जाय।

वकार ने हालिया बयान में कहा, “आखिरी समय तक हमारा विश्व कप स्क्वाड निश्चित नहीं था। ये एक बड़ी समस्या है कि सीनियर खिलाड़ी अपने करियर को आगे बढ़ाने के कोशिश में लगे रहते हैं और उन्हें सम्मान के साथ संन्यास लेने के लिए कहने वाला कोई नहीं है। पिछले कई सालों से हम एक ही चीज देख रहे हैं। आखिरी समय पर सीनियर खिलाड़ियों को टीम में लाया जाता है क्योंकि अधिकारी बड़े टूर्नामेंट में हार से डरते हैं।”

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वकार बोले- तेंदुलकर की उस छोटी-सी पारी को कभी नहीं भूल सकता

सरफराज अहमद की कप्तानी में इंग्लैंड पहुंची पाक टीम विश्व कप के राउंड रॉबिन से बाहर हो गई और सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। वकार ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान के प्रदर्शन की आलोचना की।

उन्होंने कहा, “जिस तरह से हम अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में जीत के लिए आखिरी ओवर में संघर्ष कर रहे थे, वो नहीं होना चाहिए था। हमारी सबसे बड़ी समस्या है कि हम चयन के समय फिटनेस, सीनियर खिलाड़ी और बाकी मुद्दों को लेकर समझौता करते हैं।”

पूर्व तेज गेंदबाज ने आगे कहा, “हर विश्व कप के बाद हम अपने क्रिकेट में वही कहानी देखते हैं केवल किरदार बदल जाते हैं। लेकिन आगे बढ़ने का ये कोई तरीका नहीं है, हमें ये जांचना होगा कि हम कहां गलती कर रहे हैं। हर चार साल बाद हम वहीं करते हैं, कप्तान बदलते हैं, कोच को पद से हटाने हैं, मुख्य चयनकर्ताओं पर आरोप लगाते हैं और खराब घरेलू सर्किट को दोषी ठहराते हैं लेकिन इससे हम कहीं नहीं पहुंचेगे और वही गलतियां बार बार होती रहेंगी।”

पढ़ें: डेलपोर्ट ने 38 गेंद में ठोका शतक, एसेक्‍स को 52 रन से मिली जीत

पाक क्रिकेट को बेहतर बनाने के लिए जरूरी बदलावों के बारे में यूनिस ने कहा, “मैंने उनसे कहा है कि फिटनेस से समझौता ना करें, उन खिलाड़ियों का विकास करें जो साढ़े तीन या चार की रन रेट से हर ओवर में रन बनाते हैं और सीनियर खिलाड़ियों को सही समय पर संन्यास लेने के लिए कहें लेकिन उस पर कुछ नहीं हुआ।”

यूनिस से जब पाक टीम का कोच बनने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने इंकार कर दिया। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “पीसीबी में नया सेटअप है और उनके पास नए विचार हैं जो कि अच्छे हैं लेकिन ये जरूरी नहीं कि मैं मुख्य कोच बनकर ही पाकिस्तान क्रिकेट के लिए कुछ अच्छा कर सकूं। मैं किसी भी पद पर रहकर ऐसा कर सकता हूं। अगर पीसीबी मेरे सामने कोई प्रस्ताव रखेगी तो मैं जरूर विचार करूंगा।”

Editor's Pick