×

वकार यूनिस ने पाक के सीनियर खिलाड़ियों पर उठाए सवाल

कहा- सीनियर्स के समय पर संन्यास न लेने से टीम की फिटनेस और फॉर्म पर पड़ता है असर

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Published on - July 17, 2019 5:31 PM IST

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनिस ने कहा कि उनके देश के सीनियर खिलाड़ी अपना चरम बीत जाने के बाद भी करियर लंबा खींचते रहने के दोषी हैं और उन्होंने हाल में समाप्त हुए विश्व कप जैसे खराब प्रदर्शन से बचने के लिए क्रिकेट बोर्ड से फॉर्म और फिटनेस से समझौता नहीं करने के लिए कहा है।

पढ़ें: टीम इंडिया का नया कोच चुनने में मदद करेगी कपिल देव के नेतृत्व वाली CAC

पाकिस्तान विश्व कप में राउंड रोबिन चरण में ही बाहर हो गया था। मेजबान इंग्लैंड ने टूर्नामेंट का खिताब जीता।

वकार ने किसी का नाम लिए बिना कहा, ‘आखिरी क्षणों तक हमारी विश्व कप टीम तय नहीं हुई थी। सबसे बड़ी समस्या यह है कि हमारे सीनियर खिलाड़ी अपना करियर खींचते रहने की कोशिश करते हैं और कोई भी उनसे नहीं कहता कि यह सम्मान के साथ विदाई लेने का समय है।’

पढ़ें: इंजमाम उल हक ने पाक टीम के मुख्‍य चयनकर्ता पद से दिया इस्तीफा

उन्होंने ‘दैनिक जंग’ समाचार पत्र से कहा, ‘पिछले कई वर्षों से हम ऐसा देख रहे हैं। आखिरी क्षणों में सीनियर को टीम में शामिल कर दिया जाता है क्योंकि बोर्ड को बड़े टूर्नामेंट में हार का डर रहता है। अफगानिस्तान के खिलाफ हम जिस तरह से जूझते रहे वैसा नहीं होना चाहिए था। सबसे बड़ी समस्या यह है कि हम चयन में फिटनेस मामलों, वरिष्ठता और अन्य मसलों पर समझौता करते हैं।’