×

'ऐसे तो वह कन्फ्यूज हो जाएगा..', सुंदर पर टीम की सोच से अलग है अश्विन की सलाह

IND vs SA: रविचंद्रन अश्विन ने टीम मैनेजमेंट को वाशिंगटन सुंदर की भूमिका पर फैसले करने को कहा है. उन्होंने कहा है कि अगर यह स्पष्टता नहीं होगी तो यह ऑलराउंडर कन्फ्यूज रहेगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 5, 2025 1:57 PM IST

नई दिल्ली: भारतीय टीम प्रबंधन वॉशिंगटन सुंदर पर काफी भरोसा जता रहा है. लेकिन उनकी भूमिका अभी तक स्पष्ट नहीं हो पा रही है. इस बात पर भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इसे लेकर अपनी राय रखी है. अश्विन का कहना है कि टीम मैनेजमेंट को सुंदर की भूमिका साफ करनी चाहिए. अश्विन ने डर जताया है कि अगर ऐसा नहीं होता है तो यह ऑलराउंडर अपनी भूमिका को लेकर गफलत में रहेगा.

भारतीय टीम मैनेजमेंट सुंदर को बतौर बल्लेबाजी ऑलराउंडर ज्यादा इस्तेमाल कर रहा है. लेकिन अश्विन इस रणनीति से सहमत नहीं हैं. उनका कहना है कि सुंदर को बॉलिंग ऑलराउंडर माना जाना चाहिए. उन्होंने सुंदर से गेंदबाजी में पूरे ओवर करवाने की सलाह दी. उनका मानना है कि ऐसा करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में सुंदर ने सिर्फ सात ओवर फेंके. और वह कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए.

सुंदर से गेंदबाजी कोटा के ओवर पूरे करवाओ…

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए भारत के सबसे कामयाब गेंदबाजों में शुमार अश्विन ने कहा, ‘एक बार जब आपने वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में रख लिया तो, आपको उनकी भूमिका एक गेंदबाज के रूप में देखनी होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है. आपको उन्हें उनके कोटे के सारे ओवर करवाने होंगे.’

उन्होंने कहा, ‘लगातार गेंदबाजी करने पर ही उनकी (वॉशिंगटन) मानसिकता एक ऐसे गेंदबाज की होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है. अगर वह सिर्फ बल्लेबाजी और कुछ ओवर गेंदबाजी करेगा तो वह यही सोचता रहेगा कि आखिर टीम में उसकी भूमिका क्या है. उसे इस स्थिति में नहीं छोड़ना चाहिए और टीम को उसकी उचित भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए.’

अश्विन बोले- भारत को खल रही है फिनिशर की कमी

भारत दूसरे वनडे में 358 रन का बचाव करने में नाकाम रहा और दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट से जीत के साथ तीन मैचों की श्रृंखला बराबर कर ली. पहले वनडे में भारत ने 348 रन बनाए थे और यह मैच 17 रन से जीता था.

अश्विन का मानना ​​है कि हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम को एक अदद फिनिशर की कमी खल रही है. अश्विन ने कहा, ‘भारत ने पहले दोनों वनडे में भी बल्लेबाजी से अच्छा फिनिश नहीं किया. हमारे पास हार्दिक पंड्या जैसा फिनिशर नहीं है, तो नीतीश कुमार रेड्डी जैसा बल्लेबाज़ क्यों नहीं खेला.’

TRENDING NOW

नीतीश कुमार रेड्डी को मिले प्लेइंग इलेवन में जगह

उन्होंने वॉशिंगटन की जगह नीतीश को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता नहीं है कि वे ऋषभ पंत को फिनिशर के तौर पर देख रहे हैं या नहीं. भारत बल्लेबाजी में अच्छी तरह से फिनिश नहीं कर पा रहा है तो ऐसे में स्पिन ऑलराउंडर की जगह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को खिलाना चाहिए.’