- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Wasim jaffer appointed uttarakhand head coach 4065977
वसीम जाफर को रिटायरमेंट के बाद मिली नई जिम्मेदरी, बने उत्तराखंड के मुख्य कोच
भारतीय टीम में सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा चुके वसीम जाफर को घरेलू क्रिकेट के बादशाह के रूप में देखा जाता है.
Published On Jun 23, 2020, 03:50 PM IST
Last UpdatedJun 23, 2020, 03:50 PM IST
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी वसीम जाफर (Wasim Jaffer Head Coach) को एक नई जिम्मेदारी मिली है. उत्तराखंड क्रिकेट संघ ने उन्हें आगामी सीजन के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया है. राज्य संघ के साथ उनका अनुबंध एक साल का है.
लगभग दो दशक तक क्रिकेट खेलने के बाद जाफर ने इस साल मार्च में संन्यास लिया था. प्रथम श्रेणी और घरेलू प्रतियोगिताओं में उन्होंने मुंबई और विदर्भ का प्रतिनिधित्व किया.
वह पहली बार किसी टीम के साथ मुख्य कोच के रूप में जुड़े हैं. जाफर ने कहा, “मैं पहली बार किसी टीम का मुख्य कोच बन रहा हूं. यह मेरे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और कुछ नया है, जो करियर खत्म होने के तुरंत बाद शुरू हो रहा है. मैं इसके लिए तैयार हूं.’’
‘‘यह एक नई टीम है, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. वह विदर्भ के खिलाफ क्वार्टर फाइनल (2018-19 सत्र में रणजी ट्रॉफी) खेली थी लेकिन वे फिर से ग्रुप डी (प्लेट समूह) में वापस चले गए हैं, इसलिए यह एक बड़ी चुनौती होने जा रही है. मुझे खुशी है कि मैं निचले पायदान से शुरू कर रहा हूं और मेरे लिए यह एक अच्छा अनुभव होगा.’’
उन्हें मुंबई और विदर्भ की टीम के युवा खिलाड़ियों को सलाह देकर अच्छा लगता था और इन चीजों को उत्तराखंड के लिए आगे बढ़ा कर खुश है.
भारत के लिए 31 टेस्ट खेलने वाले 42 साल के इस पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मैंने अपने पिछले पांच-छह साल के करियर में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया है. यह ऐसी चीज है जिसका मैं लुत्फ उठाता हूं. मुझे युवाओं की मदद करने और उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनते हुए देखने में बहुत खुशी होती है.’’
उत्तराखंड की टीम 2018-19 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी लेकिन पिछले सत्र में टीम ग्रुप सी से ग्रुप डी में रेलीगेट हो गयी.