- Home
- News
- WATCH AB de Villiers congratulate Virat Kohli After Royal Challengers Bengaluru enters 2nd Straight IPL Final after beating Gujarat Titans in Qualifier-1
WATCH: RCB के फाइनल में पहुंचते ही मैदान पर पहुंचे एबी डिविलियर्स, विराट कोहली को गले लगाकर दी बधाई
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लगातार दूसरी बार इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल में पहुंच गई है. मंगलवार, 26 मई को उसने आईपीएल 2026 के पहले क्वॉलिफायर में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हरा दिया. इसके बाद विराट कोहली और एबी डि विलियर्स का एक वीडियो वायरल हो रहा है.
Published On May 27, 2026, 07:18 AM IST
Last UpdatedMay 27, 2026, 07:18 AM IST
गले मिले विराट कोहली और एबी डि विलियर्स
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है. मंगलवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन के मैदान पर खेले गए मैच में उसने गुजरात टाइटंस को 92 रन की करारी शिकस्त दी. इसके साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद आरसीबी के अब मौका है कि वह अपने खिताब का बचाव कर सके. आरसीबी की टीम पांचवीं बार फाइनल में पहुंची है. और साल 2025 में उसने पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. क्वॉलिफायर-1 में जहां रोमांच और प्रेशर के कई लम्हे थे वहीं मैच खत्म होने के बाद आरसीबी फैंस को खुश होने का एक और मौका मिला. फैंस की खुशी उस वक्त कई गुना बढ़ गई जब विराट कोहली और एबी डि विलियर्स ने एक-दूसरे को गले लगाया. यह वीडियो इंटरनेट पर काफी पसंद किया जा रहा है. और फैंस आरसीबी के इन दो दिग्गजों को एक बार फिर साथ देखकर इमोशनल हो गए हैं.
बेंगलुरु के लिए लकी हैं एबीडी?
डि विलियर्स जब तक आरसीबी में थे तब तक टीम ट्रॉफी नहीं जीत पाई थी. लेकिन पिछले साल जब बेंगलुरु की टीम फाइनल में पहुंची थी तब वह मैच देखने पहुंचे थे. और मंगलवार को भी वह धर्मशाला में मौजूद रहे. फैंस साउथ अफ्रीका के इस पूर्व कप्तान को बेंगलुरु के लिए लकी मान रहे हैं. आईपीएल शुरू होने से पहले डि विलियर्स ने आरसीबी को खिताब का दावेदार बताया था. उन्होंने कहा था कि टीम एक बार चैंपियन बन चुकी है और इससे रुकावट खत्म हो गई है और अब टीम जल्दी-जल्दी कई ट्रॉफी जीतेगी.
विराट और डिविलियर्स के बीच हुई हैं कई यादगार साझेदारियां
विराट और डिविलयर्स ने आईपीएल में मिलकर कई यादगार साझेदारियां की हैं. साल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ 229 रन की पार्टनरशिप की थी. इसमें दोनों बल्लेबाजों ने सेंचुरी लगाई थी. इसके अलावा मुंबई इंडियंस के खिलाफ साल 2015 में वानखेड़े स्टेडियम पर 215 रन की साझेदारी भी फैंस को अभी तक याद है.
पाटीदार का धुआंधार खेल, बेंगलुरु का बड़ा स्कोर
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टीम ने पांच विकेट पर 254 रन का बड़ा स्कोर बनाया. आरसीबी ने वेंकटेश अय्यर का विकेट भले ही जल्दी खो दिया लेकिन इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने सिर्फ 36 गेंद पर 72 रन जोड़कर टीम की पारी को तेज रफ्तार दी. जेसन होल्डर ने पारी के 9वें ओवर में कोहली (45) और पडिक्कल (30) को आउट कर गुजरात की मैच में वापसी करवाई. लेकिन इसके बाद शुरू हुआ रजत पाटीदार का शो.
बेंगलुरु के इस कप्तान ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की. उन्होंने क्रुणाल पंड्या के साथ मिलकर सिर्फ 45 गेंद पर 95 रन जोड़ दिए. पाटीदार बहुत ही आक्रामक नजर आए. पंड्या ने 28 गेंद पर 41 रन की पारी खेली. लेकिन पाटीदार ने 33 गेंद पर नाबाद 93 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके और नौ छक्के शामिल रहे.
RCB की पेस तिकड़ी के सामने बिखरी गुजरात टाइटंस की टीम
बड़े लक्ष्य के दबाव में गुजरात टाइटंस की टीम जल्दी ही बिखर गई. टीम ने एक वक्त पर पांच विकेट 51 और 8 विकेट 88 रन के स्कोर पर खो दिए थे. जैकब डफी, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे पेसर्स तिकड़ी ने धर्मशाला की पिच पर कमाल की गेंदबाजी की. इम्पैक्ट प्लेयर राहुल तेवतिया ने थोड़ा जोर दिखाया लेकिन यह काफी नहीं था. उन्होंने 68 रन की पारी खेली. आखिर में गुजरात टाइटंस की टीम 162 रन पर ऑल आउट हो गई.
गुजरात टाइटंस के पास अभी फाइनल में पहुंचने का एक मौका है. उसे दूसरा क्वॉलिफायर खेलने को मिलेगा. यह मुकाबला आज, बुधवार को होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से होगा. एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच भिड़ंत होगी.