IPL 2026: अर्शदीप सिंह का MI के खिलाफ डबल-स्ट्राइक, लगाई शानदार 'सेंचुरी'
Arshdeep Singh Two Wickets: अर्शदीप सिंह ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो विकेट हासिल किए. इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 100 विकेट भी पूरे कर लिए.
Published On Apr 16, 2026, 08:13 PM IST
Last UpdatedApr 16, 2026, 08:13 PM IST
अर्शदीप ने आईपीएल में पूरे किए 100 विकेट (फोटो- IPL)
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 24वां मैच मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जा रहा है. मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी का न्योता दिया. मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अर्शदीप सिंह ने उन्हें बैकफुट पर धकेल दिया. अपने दूसरे ही ओवर में उन्होंने मुंबई को लगातार गेंदों पर दो झटके दे दिए. इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए.
अर्शदीप सिंह ने पूरे किए आईपीएल में 100 विकेट
मुंबई की पारी के तीसरे ओवर में बाएं हाथ के इस पेसर ने पहले रियान रिकल्टन का विकेट लिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने ऑन साइड की गेंद पर हवाई फ्लिक किया. यह गेंद बहुत अच्छी नहीं थी लेकिन रिकल्टन इसका फायदा नहीं उठा पाए. गेंद टप्पा खाने के बाद उनके पैड पर आई. रिकल्टन का शॉट हालांकि सीधा फील्डर के हाथों में गया. डीप स्क्वेअर लेग पर खड़े शशांक सिंह ने आसान सा कैच लपका. बाउंड्री लाइन के करीब पकड़े गए इस कैच ने अर्शदीप के आईपीएल में 100 विकेट भी पूरे करा दिए. अर्शदीप सिंह ने सात पारियों में तीसरी बार रिकल्टन को आउट किया है.
खाता भी नहीं खोल पाए सूर्यकुमार यादव
इसकी अगली ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने सूर्यकुमार यादव को चलता कर दिया. अर्शदीप सिंह की गेंद टप्पा लगकर बाहर निकली. अर्शदीप सिंह की गेंद पर उन्होंने ड्राइव करना चाहा. गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और शॉर्ट थर्ड मैन की ओर गई. वहां खड़े युजवेंद्र चहल ने एक अच्छा कैच पकड़ा अर्शदीप सिंह के 101 विकेट हो गए. सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल पाए.
आईपीएल में 100 विकेट लेने वाले 5वें बाएं हाथ के पेसर
अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी की भी आलोचना हो रही थी. वह आईपीएल में पावरप्ले में कोई विकेट नहीं ले पा रहे थे. उन्होंने आईपीएल में 11 पारियों और 21.1 ओवर तक कोई विकेट नहीं लिया था.
अर्शदीप सिंह आईपीएल में 100 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के पांचवें पेसर बन गए. इस सूची में सबसे ऊपर ट्रेंट बोल्ट हैं. उन्होंने 144 विकेट लिए हैं. जयदेव उनादकट ने 114, आशीष नेहरा ने 106 और जहीर खान ने 102 विकेट लिए हैं.
कैसा रहा है मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स का प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस की टीम ने अभी तक आईपीएल के इस सीजन में चार मैच खेले हैं और सिर्फ एक में ही जीत हासिल की है. वहीं पंजाब किंग्स की टीम इस मैच से पहले चार मैच खेले थे और तीन मैच जीते थे. एक मैच में उसे बारिश के कारण कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ अंक बांटने पड़े थे.
मुंबई इंडियंस को लगा बड़ा झटका, रोहित शर्मा हुए बाहर
टीमों की बात करें तो इस मैच में मुंबई इंडियंस ने दो बदलाव किए हैं. उसके स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा चोट के चलते इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं. रोहित शर्मा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए थे. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा है कि रोहित अभी कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे. यह पहले से परेशान चल रही मुंबई के लिए बुरी खबर है.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन)
क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह
इम्पैक्ट सब- अल्लाह गजनफर, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, रॉबिन मिंज, अश्विनी कुमार
पंजाब किंग्स (प्लेइंग इलेवन)
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
इम्पैक्ट सब- नेहाल वढेरा, विष्णु विनोद, हरप्रीत बराड़, सुयांश शेडगे, यश ठाकुर