IPL 2026: पैसा बर्बाद! पहली ही बॉल पर बोल्ड हुए कैमरन ग्रीन, केकेआर के डूब गए 25 करोड़?
कोलकाता नाइट राइडर्स ने जब कैमरन ग्रीन को खरीदा था तो उसे ऐसी उम्मीद रही होगी कि यह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर गेंद और बल्ले दोनों से टीम को मैच जितवाएगा. लेकिन वह अभी तक असफल रहे हैं.
Published On Apr 14, 2026, 11:05 PM IST
Last UpdatedApr 14, 2026, 11:05 PM IST
कैमरन ग्रीन ने चेन्नई के खिलाफ खाता भी नहीं खोला (BCCI Pic)
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कैमरन ग्रीन का सौदा बहुत महंगा साबित होता जा रहा है. 25 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा गया यह खिलाड़ी एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहा. मंगलवार, 14 अप्रैल को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए. चेन्नई सुपर किंग्स के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद ने उन्हें अपनी पहली ही गेंद पर शिकार बना लिया. केकेआर के लिए पांच मैचों में ग्रीन ने सिर्फ 56 रन बनाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 32 रन था जो उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बनाए थे. और गेंदबाजी में भी वह कोई उपयोगी योगदान नहीं दे पाए हैं.
मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच विकेट पर 192 रन का स्कोर बनाया. संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए. वहीं डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 और अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने 17 गेंद पर 38 रन बनाए. ग्रीन गेंदबाजी में भी महंगे साबित हुए. उन्होंने 2 ओवर गेंदबाजी की और 30 रन दिए.
बल्लेबाजी में उनसे काफी उम्मीदें थीं. कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 11वें ओवर में जब नूर अहमद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे को रुतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच करवाया तो ग्रीन क्रीज पर उतरे. टीम का स्कोर उस वक्त 85 रन था. यहां से ग्रीन से बड़ी और तेज पारी की उम्मीद थी. लेकिन वह पहली ही गेंद पर गच्चा खा गए. नूर की गेंद ऐसा लगा कि लेग स्पिन होगी. गेंद टप्पा लगकर अंदर की ओर आई. ग्रीन ने हल्की सी जगह बनाई और उसे ऑफ साइड पर खेलना चाहा. लेकिन ऐंगल के साथ अंदर आती गेंद उनके बल्ले को छकाती हुई लेग स्टंप पर जाकर लगी. ग्रीन ने बल्ले से एक बार फिर निराश किया.
कैमरन ग्रीन ने शुरुआती मैचों में गेंदबाजी भी नहीं की थी. इस पर जब टीम के कप्तान रहाणे से सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि यह सवाल ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड से पूछा जाना चाहिए. तभी से ऐसे कयास लगने शुरू हुए थे कि ग्रीन पूरी तरह फिट हैं या नहीं. हालांकि ग्रीन ने हाल ही में कहा कि वह चार ओवर फेंकना चाहते हैं.
बात अगर कोलकाता नाइट राइडर्स की करें तो इस टीम का प्रदर्शन इस सीजन में बहुत खराब रहा है. टीम अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है. केकेआर को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश से धुलने की वजह से एक अंक मिला था.