×

IND vs SA: वनडे सीरीज से पहले धोनी के घर डिनर पार्टी, विराट के साथ कार में दिखे माही

भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले वनडे के लिए रांची पहुंच चुकी है. और गुरुवार रात को विराट कोहली महेंद्र सिंह धोनी के घर ड़िनर पर पहुंचे

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - November 28, 2025 12:22 PM IST

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा. रांची जो भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का गृहनगर है. और भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत धोनी के घर पहुंचे. गुरुवार, 27 नवंबर को ये खिलाड़ी पूर्व कप्तान के घर डिनर पर गए थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें धोनी, कोहली के साथ कार में सफर कर रहे हैं.

जब भी भारतीय टीम मैच के लिए धोनी के शहर में पहुंचती है तो यह खिलाड़ियों का उनके घर जाना एक रस्म सी बन गई है. और इस बार भी ऐसा ही हुआ. खिलाड़ियों का धोनी के घर जाना और मिलना थोड़ा राहत भरा रहा होगा. रविवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम टेस्ट की हार के गम को भुलाकर प्रदर्शन करना चाहेगी.

डिनर के बाद धोनी और कोहली एक साथ कार में नजर आए. फैंस उनकी एक झलक पाना चाहते थे. सोशल मीडिया पर ऐसे भी दावे किए जा रहे हैं कि धोनी खुद विराट को होटल छोड़ने के लिए गए. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है.

वनडे सीरीज में धमाल मचाना चाहेंगे कोहली
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद कोहली एक बार फिर भारतीय टीम के साथ हैं. ऑस्ट्रेलिया में कोहली पहली दो पारियों में खाता भी नहीं खोल पाए थे लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने 74 रन बनाए थे. भारत को सीरीज में हालांकि 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था.

TRENDING NOW

अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भी कोहली पर नजरें होंगीं. भारतीय टीम के लिए इस सीरीज में श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल नहीं खेलेंगे. ऐसे में कोहली की जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी. साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोहली का रिकॉर्ड कमाल का है. उन्होंने 31 मैचों में 65.39 के औसत से 1504 रन बनाए हैं. इसमें पांच सेंचुरी और 8 हाफ सेंचुरी शामिल हैं.