×

WATCH: सुरक्षा को चकमा देकर मैदान पर पहुंचा फैन, छुए शतकवीर विराट कोहली के पैर

विराट कोहली ने रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में कमाल की सेंचुरी लगाई. इस दौरान फैन उनके पांव छूने आ गया.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - November 30, 2025 5:54 PM IST

रांची: Virat Kohli Century against South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रविवार, 30 नवंबर को खेले जा रहे वनडे सीरीज के पहले मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कमाल की सेंचुरी लगाई. यह विराट कोहली के वनडे इंटरनेशनल करियर की 52वीं सेंचुरी थी. वह किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. उन्होंने सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में 51 सेंचुरी का रिकॉर्ड तोड़ा. इसके साथ ही वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए. यह वनडे इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका छठा शतक था. इससे पहले सचिन तेंदुलकर और डेविड वॉर्नर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच-पांच वनडे सेंचुरी लगाई थीं.

मार्को यानसन की गेंद पर थर्डमैन की दिशा में एक रन लेते ही कोहली ने अपना शतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने अपना हेलमेट उतारा और अपने गले में चेन के साथ बांधी हुई रिंग को किस किया. इतने में एक फैन सभी को हैरान करते हुए सीधा मैदान पर घुस आया और सीधा विराट कोहली के पैरों में छूने लगा.

सुरक्षाकर्मियों ने फौरन उस शख्स को वहां से हटाया. मैदान पर ऐसी घटना को देखकर ड्रेसिंग रूम में बैठे रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल भी हैरान रह गए.

विराट चार महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे. और उन्होंने इस वापसी को खूब सेलिब्रेट किया. इससे पहले कोहली ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज में खेले थे. वहां वह पहले दो मैचों में खाता भी नहीं खोल पाए थे. सिडनी में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच में उन्होंने नाबाद 74 रन बनाए थे. उन्होंने अपने उस फॉर्म को यहां भी जारी रखा. और रोहित शर्मा के साथ मिलकर 136 रन की साझेदारी की. रोहित ने 57 रन बनाए.

TRENDING NOW

कोहली 120 गेंद पर 135 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 11 चौके और सात छक्के थे. इस मैदान पर कोहली का यह तीसरा शतक था. इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ 2014 में उन्होंने 139 रन बनाए थे. वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 2019 में 123 रन की पारी खेली थी.