Watch: सूर्यकुमार यादव को SKY बनाने वाले गौतम गंभीर, वायरल VIDEO से हुआ खुलासा
भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए थे. भारत के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सर्वाधिक रन बनाते हुए 26 गेंदों पर 58 रनों की तूफानी पारी खेली.
Published On Jul 28, 2024, 09:33 AM IST
Last UpdatedJul 28, 2024, 09:33 AM IST
PIC- @BCCI
श्रीलंका के खिलाफ पहले T20I में जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी का शानदार आगाज हो चुका है. टीम इंडिया के नए कोच गौतम गंभीर का भी ये पहला असाइनमेंट हैं जिसमें उन्होंनें जीत से खाता खोला है. सूर्या और गौतम की इस जोड़ी से फैंस को काफी उम्मीदें हैं. अब देखना होगा कप्तान और कोच की ये जोड़ी भारतीय टीम को कहां तक लेकर जाती है.
श्रीलंका को पहले T20I में पटखनी देने के बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और गौतम गंभीर की रणनीति की जमकर तारीफ हो रही है. बतौर कप्तान सूर्या ने अपने पहले ही मैच में तूफानी अर्धशतक जड़ा जिसकी बदौलत टीम इंडिया 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 213 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही. इसके जवाब में श्रीलंका शानदार आगाज के बावजूद 170 रनों पर ढेर हो गई. इस शानदार जीत के बाद सूर्या का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह गौतम गंभीर की तारीफ करते नजर आ रहे हैं. वीडियों में सूर्या कह रहे हैं कि उनको सूर्या से SKY बनाने में गंभीर का बड़ा हाथ रहा है. सूर्या का ये वीडियो ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस का है.
ऐसे पड़ा सूर्या का निकनेम SKY
सूर्या वीडियो में कह रहे हैं- “जब 2014 में MI से KKR में गया तो गौतम भाई ने मुझे पीछे से आवाज दी SKY..SKY. पहले तो मैंने इतना ध्यान नहीं दिया लेकिन वो फिर मेरे पास आए. उन्होंने फिर मुझसे कहा- ‘भाई तुझे ही बुला रहा हूं. अबे तेरा इनिशियल्स तो देख ले’ तब मुझे अहसास हुआ कि ये SKY है.”
सूर्या ने आगे कहा, “गौतम भाई को मुझमें ऐसा लगा कि अगर वह कुछ बताएंगे तो मैं राइट ट्रेक पर जा सकता हूं. तो मैं कह सकता हूं कि उनकी गाइडेंस की वजह से आज मैं यहां तक पहुंचा हूं.”