×

IND vs SA: बुमराह आए, बुमराह छाए- भारत को मैच में वापस लाए- देखते रह गए डि कॉक

भारत ने साउथ अफ्रीका को अहमदाबाद टी20 इंटरनेशनल में 30 रन से हरा दिया. लेकिन एक वक्त पर लग रहा था कि मैच भारत के हाथ से निकल गया है लेकिन बुमराह ने डि कॉक को आउट कर भारतीय टीम को मैच में वापसी करवाई.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 19, 2025 11:02 PM IST

जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के संकटमोचक हैं. भारतीय टीम जब भी फील्डिंग के दौरान मुश्किल में होती है तो कप्तान गेंद बुमराह के हाथों में सौंपते हैं. और बुमराह अपने कप्तान को निराश नहीं करते. साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल स्टेडियम पर टी20 सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में भी बुमराह ने कुछ ऐसा ही किया. भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 5 विकेट पर 231 रन का स्कोर बनाया. साउथ अफ्रीका ने इसका जवाब शानदार तरीके से दिया. साउथ अफ्रीका का स्कोर 10 ओवर में 1 विकेट पर 118 रन था. और लग रहा था कि भारत के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं. तभी सूर्यकुमार यादव ने गेंद सौंपी अपने तुरुप के पत्ते को. और बुमराह ने वही किया जिसके लिए वह जाने जाते हैं.

क्विंटन डिकॉक की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

साउथ अफ्रीका ने जब रनों का पीछा करना शुरू किया तो डि कॉक खास तौर पर बहुत आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे. बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सिर्फ 30 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी भी पूरी कर ली थी. भारत के लिए डि कॉक खतरा बनते जा रहे थे. और बुमराह ने अपना हुनर दिखाया. ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने डि कॉक को पविलियन की राह दिखाई. डि कॉक को उन्होंने अपनी ही गेंद पर कैच किया. उन्होंने 35 गेंद पर 65 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और तीन छक्के लगाए.

बुमराह की चतुराई भरी गेंद और फंस गए क्विंटन डिकॉक

डि कॉक को बुमराह ने विकेटों की लाइन में धीमी गति की गेंद फेंकी. गेंद उन पर डिप हो रही थी. डि कॉक के बल्ले से लगकर गेंद बुमराह की ओर गई. पहले तो गेंद बुमराह के हाथ से छिटक गई. उनके शरीर से लगी. लेकिन बुमराह ने धैर्य बनाए रखा और गेंद को दोनों हाथों पकड़ लिया. डि कॉक को यकीन नहीं हुआ. वह काफी देर तक वहीं खड़े रहे. लेकिन आखिर में भारी कदमों से वह मैदान से बाहर गए. भारत को उस वक्त इस विकेट की बहुत जरूरत थी.

इसके बाद भारत ने साउथ अफ्रीका पर पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी. वरुण चक्रवर्ती ने एक ही ओवर में एडेन मार्करम और डोनोवन फरेरा को आउट कर भारत को और मजबूत कर दिया.

इससे पहले, भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला. भारत की ओर से तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए. उन्होंने 42 गेंदों का सामना किया. लेकिन भारतीय पारी के बल्लेबाजी के हीरो रहे हार्दिक पंड्या. पंड्या ने सिर्फ 16 गेंद पर हाफ सेंचुरी बनाई. वह भारत के लिए इस फॉर्मेट में दूसरे सबसे तेज सेंचुरी बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. पंड्या ने 25 गेंद पर 63 रन बनाए. भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज हाफ सेंचुरी का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है. युवराज ने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप मे इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंद पर अर्धशतक लगाया था.

TRENDING NOW

भारत ने हासिल की जीत

आखिर में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया. साउथ अफ्रीका की टीम 200 रन ही बना सकी. भारत के लिए बुमराह ने दो और वरुण चक्रवर्ती ने चार विकेट लिए. इसके साथ ही भारत ने पांच मैचों की सीरीज पर 3-1 से कब्जा किया. लखनऊ में सीरीज का चौथा मैच होना था लेकिन वह कोहरे के चलते नहीं हो पाया था.