- Home
- News
- WATCH: Karthik Tyagi Took Revenge From Sanju Samson after being hit for a six clean bowled him on 148.1 kmph ball
WATCH: IPL 2026: इसे कहते हैं बदला, कार्तिक त्यागी की 148 kmph की तूफानी गेंद ने संजू सैमसन की गिल्लियां बिखेर दीं
संजू सैमसन ने पिछली ही गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाया था. लेकिन कार्तिक त्यागी पीछे नहीं हटे और उन्होंने अगली ही गेंद पर सैमसन को बोल्ड कर दिया.
Published On Apr 14, 2026, 11:28 PM IST
Last UpdatedApr 14, 2026, 11:28 PM IST
kartik tyagi bowled sanju samson
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 22वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुआ. मंगलवार, 14 अप्रैल को इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने एम.ए चिदंबरम स्टेडियम पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. चेन्नई के लिए पिछले मैच में सेंचुरी लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इस मैच में भी अच्छी लय में नजर आ रहे थे. लेकिन कार्तिक त्यागी की 148.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई गेंद ने सैमसन की पारी का अंत किया.
यह घटना चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के 12वें ओवर की है. सैमसन गेंद को जबर्दस्त हिट कर रहे थे. उन्होंने कार्तिक त्यागी की गेंद पर एक बड़ा सिक्स लगाया था. इसके बाद कार्तिक ने जबर्दस्त वापसी की. यह लेंथ बॉल थी लेकिन इसमें काफी रफ्तार थी. सैमसन को उम्मीद थी कि गेंद में मूवमेंट होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ. गेंद सीधा निकल गई और सैमसन के विकेटों से जाकर टकराई.
सैमसन ने 32 गेंद पर 48 रन बनाए. वह हाफ सेंचुरी नहीं बना पाए लेकिन उन्होंने चेन्नई की पारी को एक मजबूत आधार दिया. चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 192 रन का स्कोर बनाया. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कुछ खास नहीं कर पाए और सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए. आयुष म्हात्रे ने 17 गेंद पर छह चौकों और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाए. वहीं कार्तिक ने डेवाल्ड ब्रेविस का भी विकेट लिया जिन्होंने 41 रन बनाए.
हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह स्कोर काफी रहा. चेन्नई सुपर किंग्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 7 विकेट पर 160 रन ही बना पाई. नूर अहमद की फिरकी ने तीन विकेट अपने नाम किए. वहीं पेसर अंशुल कम्बोज ने दो विकेट लिए.
केकेआर की यह पांच मैचों में चौथी हार है. टीम का सिर्फ एक अंक है जो उसे पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश की वजह से धुलने की वजह से मिला था. वहीं चेन्नई की यह लगातार दूसरी जीत है. अब चेन्नई चार अंकों के साथ 8वें स्थान पर है.