×

IND vs SA: 5 कदम में 36 फीट और छलांग- मार्को यानसन का कमाल का कैच, अभिषेक शर्मा देखते रह गए

मार्को यानसन ने दौड़ लगाई और फिर कूदते हुए गेंद को लपक लिया. अभिषेक शर्मा को यकीन नहीं हुआ कि यह कैच हो गया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 9, 2025 8:35 PM IST

मार्को यानसन कमाल के ऑलराउंडर हैं. 6 फुट 8 इंच कद का यह खिलाड़ी गेंद और बल्ले दोनों से कमाल कर सकता है. लेकिन साउथ अफ्रीका के इस खिलाड़ी की फील्डिंग भी कमाल है. भारत के खिलाफ मंगलवार को कटक के बाराबती स्टेडियम पर टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में उन्होंने कमाल की फील्डिंग की. उनकी फील्डिंग ने खतरनाक दिख रहे अभिषेक शर्मा की पारी का अंत किया.

लुंगी नगिडी ने लिए दो विकेट

साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. यह सही भी साबित हुआ. तेज गेंदबाज लुंगी नगिडी ने पहले ही ओवर में शुभमन गिल को आउट किया. इसके अगले ओवर में उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव को उसी तरह से चलता किया. 17 रन के स्कोर पर भारत के दो विकेट गिर चुके थे. यहां से अभिषेक का साथ देने तिलक वर्मा आए. दोनों ने भारतीय पारी को संवारने की कोशिश की. अभिषेक, जो शुरू में सहज नहीं दिख रहे थे, थोड़े-थोड़े रंग में आने लगे थे. लुथो सिम्पला के ओवर की पहली दो गेंदों पर अभिषेक ने लगातार चौके लगाए. इसके बाद तीसरी गेंद पर भी शर्मा ने वह दोहराना चाहा लेकिन यानसन बीच में आ गए.

कैसे आउट हुए अभिषेक

सिम्पला की गेंद शॉर्ट और स्लो थी. लेग स्टंप की इस गेंद को अभिषेक ने फाइन लेग की दिशा में खेलना चाहा. गेंद में रफ्तार नहीं थी लेकिन यह फाइन लेग की दिशा में तेजी से गई. जानसन ने अपने बाईं ओर काफी तेजी से काफी मैदान कवर किया. उन्होंने सिर्फ 5 कदमों में 11 मीटर यानी करीब 36 फीट की दूरी तय की.

आखिर यह बात इतनी खास क्यों है

आप सोचेंगे कि हमने कदम और मीटर की दूरी क्यों बताई. असल में छह फुट, जो भारतीयों के लिए अच्छी हाइट है, का इनसान कितनी दूरी तय करता है. अगर आप यह समझेंगे तो आप समझ पाएंगे. जब हमने चैट जीपीटी से पूछा तो उसने बताया कि छह फुट लंबा एक इनसान सामान्य कदम में करीब 2.5 फुट और स्ट्राइड यानी लंबे कदमों में 5 फुट की दूरी तय करेगा. और यानसन, जिनका कद 6 फुट 8 इंच है, ने इसका पूरा फायदा उठाया. और दौड़ने के बाद छलांग लगाकर गेंद को कैच किया.

TRENDING NOW

अभिषेक को यकीन नहीं हुआ


अभिषेक शर्मा को यकीन ही नहीं हुआ कि वह कैच हो गए हैं. वह बार-बार मुड़कर देख रहे थे. लेकिन यानसन के कैच ने 12 गेंद पर अभिषेक की 17 रन की पारी का अंत किया.