- Home
- News
- WATCH: Pakistan Super League Embarrassment Jersey Colour on White ball turning it in Pink Lahore Qalandar vs Hyderabad kingsmen match
क्या गजब तमाशा है! PSL की सुपर से ऊपर बेइज्जती, 'गुलाबी गेंद' से होने लगा टी20 मैच
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के पहले मैच में अलग ही नजारा देखने को मिला. सफेद गेंद दूसरे ही ओवर में गुलाबी हो गई. और इसे सबसे कप्तान मार्नस लाबुशेन ने ही नोटिस किया.
Published On Mar 27, 2026, 12:16 PM IST
Last UpdatedMar 27, 2026, 12:16 PM IST
गेंद पर चढ़ा जर्सी का रंग
पाकिस्तान में तो कुछ भी हो सकता है. पाकिस्तान सुपर लीग की शुरुआत गुरुवार 26 मार्च को हो गई. लीग का पहला मैच हैदराबाद किंग्समेन और लाहौर कलंदर्स के बीच मुकाबला हुआ. और इस मैच में कुछ ऐसा हुआ जो आपने शायद मैदान पर कभी नहीं देखा होगा. असल में लाहौर के गद्दाफी स्टे़डियम पर मैच के दौरान सफेद गेंद का रंग बदल गया. मार्नस लाबुशेन के कप्तानी वाली टीम हैदराबाद पहले गेंदबाजी कर रही थी और मैच के दौरान ही गेंद गुलाबी हो गई.
गुरुवार को लाहौर में जो हुआ उसके बाद पाकिस्तान की सुपर से ऊपर बेइज्जती हो रही है. पाकिस्तान सुपर लीग का पहला मैच खेला जा रहा था. यह टी20 लीग है तो जाहिर तौर पर सफेद गेंद से मुकाबला खेला जा रहा था. लेकिन बीच मैच में गेंद सफेद से गुलाबी हो गई. अब ऐसा क्यों हुआ इसके पीछे भी बड़ी रोचक वजह रही. असल में हैदराबाद की टीम के गेंदबाज गेंद की चमक को बरकरार रखने के लिए जर्सी का इस्तेमाल कर रहे थे. और यही माना जा रहा है कि गेंद पर जर्सी का रंग चढ़ गया. टीम के कप्तान मार्नस लाबुशेन ने सबसे पहले इस कमी को नोटिस किया.
गेंद पर लग गया जर्सी का रंग
जर्सी मरून थी और जब गेंद को उस पर रगड़ गया तो उसका रंग निकलकर गेंद पर आ गया. और इससे वह सफेद गेंद गुलाबी बन गई. और इसके बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर फ्रैंचाइजी की जमकर क्लास लगाई. इस खराब जर्सी के लिए टीम के मालिकों को खूब ट्रोल होना पड़ा. इस टूर्नामेंट को गली-लेवल का टूर्नामेंट बताया जाने लगा.
लाबुशेन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मैंने दूसरे ओवर के बाद अंपायर से कहा, ‘क्या हो रहा है? गेंद लाल है.’ यह कपड़ों या ऐसी ही किसी चीज से लगी होगी. मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा.’
लाबुशेन ने कहा, ‘ऐसा तो होता है कि बल्ले से गेंद पर कुछ लग जाता है. या किसी के पैड से लगने के बाद उसका पेंट गेंद पर आ जाता है. लेकिन ऐसा कभी नहीं देखा कि गेंद पर जर्सी का रंग लग जाए. मुझे उम्मीद है कि आने वाले वक्त में इसे सुलझा लिया जाएगा.’
मैच के बाद हैदराबाद ने एक मजाकिया पोस्ट भी किया. उसने लिखा, ‘विपक्षी टीम को पहला पिंक बॉल मैच जीतने पर बधाई.’
खिलाड़ी अकसर गेंद को चमकाने के लिए अपनी जर्सी का इस्तेमाल करते हैं. इससे गेंदबाजों को स्विंग करवाने में आसानी होती है. हालांकि इस घटना के बाद कई चिंताएं खड़ी हो गई हैं. कई लोग इसे पाकिस्तान सुपर लीग के लिए बड़ी शर्म की बात कह रहे हैं.
मैच में क्या हुआ कौन जीता PSL 2026 का पहला मैच
लाहौर कलंदर्स ने अपनी टीम की शुरुआत 69 से जीत हासिल की. पहले बल्लेबाजी करते हुए लाहौर ने चार विकेट पर 199 रन का स्कोर बनाया. फखर जमां ने 53 और हसीबुल्लाह ने 40 रन बनाए. इसके जवाब में हैदराबाद की टीम 130 पर ऑल आउट हो गई. उबैद शाह, सिकंदर रजा और हारिस राउफ ने दो-दो विकेट लिए.
पाकिस्तान सुपर लीग शुरू होने से पहले ही मुश्किलों में रहा. टूर्नामेंट को खाली मैदानों में खेला जा रहा है. यानी दर्शकों को एंट्री नहीं दी जा रही है. इसके साथ ही पहले मैच छह शहरों में खेले जाने थे, जिन्हें अब दो मैदानों तक सीमित कर दिया गया है. पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते पाकिस्तान की सरकार ने ये कदम उठाए हैं.