- Home
- News
- WATCH SRH Batter Abhishek Sharma Not Happy With Decision after getting out Against KKR at Eden Gardens IPL 2026
Out or Not Out: अभिषेक शर्मा के विकेट पर मचा वबाल, SRH के ओपनर ने जताई नाराजगी
IPL 2026: अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ पारी खेली. लेकिन आउट होने के बाद वह नाखुश नजर आए. सनराइजर्स हैदराबाद का यह बल्लेबाज अंपायर के फैसले से खुश नहीं थे. गुरुवार, 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डंस मैदान पर खेले गए मैच में यह सलामी बल्लेबाज बहुत ही नाराजगी के साथ मैदान से बाहर गए.
Published On Apr 02, 2026, 11:30 PM IST
Last UpdatedApr 02, 2026, 11:30 PM IST
अभिषेक शर्मा के विकेट पर मचा बवाल
सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरुवार, 2 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स को उसी के घरेलू मैदान पर 65 रन के बड़े अंतर से हराकर अपना खाता खोला. 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम 161 रन ही बना सकी. सनराइजर्स को उसके ओपनर्स ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत दी. दोनों ही बल्लेबाज हालांकि हाफ सेंचुरी से चूक गए लेकिन दोनों ने ताबड़तोड़ पारियां खेलीं. शर्मा का विकेट हालांकि विवादों में रहा. तीसरे अंपायर ने भी उन्हें आउट दिया लेकिन शर्मा नाराज दिखे.
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बहुत ही आक्रामक बल्लेबाजी की. ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर उन्हें डीप स्क्वेअर लेग पर कैच किया गया. उन्होंने 21 गेंद पर 48 रन बनाए. शॉर्ट पिच गेंद को पुल करने गए अभिषेक गेंद को सही से टाइम नहीं कर पाए. और वहां खड़े वरुण चक्रवर्ती ने दौड़कर एक लो कैच किया. केकेआर के खिलाड़ी जहां जश्न मना रहे थे वहीं मैदानी अंपायर्स को इस कैच में थोड़ा संदेह हुआ. उन्होंने तीसरे अंपायर से मदद लेने का फैसला किया.
टीवी अंपायर नितिन मेनन ने भी कई ऐंगल से देखने के बाद अभिषेक को आउट करार दिया. हालांकि खुद अभिषेक को यकीन नहीं हुआ. उनका मानना था कि शायद गेंद फील्डर के हाथों में जाने से पहले ही जमीन को छू गई है. इस बीच सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने मैच अधिकारियों से बात भी की. वह भी इस फैसले से काफी नाखुश थे.
इस फैसले से सोशल मीडिया पर भी काफी विवाद हुआ. कुछ लोगों का मानना था कि वरुण चक्रवर्ती का हाथ गेंद के नीचे था वहीं कुछ का मानना था कि गेंद जमीन को छू गई है. चक्रवर्ती ने यह कैच तो अच्छा किया लेकिन गेंद से उनका योगदान अच्छा नहीं रहा. उन्होंने दो ओवरों में 31 रन दे दिए. अभिषेक शर्मा ने ही उनके एक ओवर में 25 रन जुटाए थे. इसमें से एक रन वाइड से आया था. अभिषेक ने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए. हेड ने 46 और हेनरिच क्लासेन ने 52 रन बनाए.
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. सनराइजर्स ने 8 विकेट पर 226 रन बनाए. मुजरबानी ने चार विकेट अपने नाम किए. वहीं इसके जवाब में केकेआर ने पहले ही ओवर में 25 रन बना दिए. फिन एलन ने ताबड़तोड़ शुरुआत की. लेकिन पारी के दूसरे ही ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दूबे ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच कर लिया. अंगकृष रघुवंशी ने 52 रन बनाए. 29 गेंद की अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए. रिंकू सिंह ने जरूर 35 रन बनाए लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं सका और रनों की रफ्तार का दबाव साफ नजर आया. केकेआर की टीम की यह लगातार दूसरी हार थी. सनराइजर्स की ओर से जयदेव उनादकट ने तीन विकेट लिए. नीतीश कुमार रेड्डी और इम्पैक्ट प्लेयर ईशान मलिंगा ने दो विकेट लिए.