- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Watch Team Work From Kuldeep Yadav and Dhruv Jurel said Badhega Aage and next ball Stumped
IND vs ENG: ध्रुव जुरेल ने दिखाई गजब की चतुराई, कुलदीप को गेंद से पहले ही बताया कैसे मिलेगा विकेट
भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में खेले जा रहे 5वें टेस्ट में कुलदीप यादव ने लंच तक अपने खाते में 2 विकेट कर लिए हैं.
Published On Mar 07, 2024, 12:05 PM IST
Last UpdatedMar 07, 2024, 12:05 PM IST
PIC- TWITTER
IND vs ENG: ध्रुव जुरेल ने रांची में खेले गए चौथे टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी से साबित किया था कि वह लंबी रेस का घोड़ा हैं और अब धर्मशाला में उन्होंने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिससे उनकी शानदार विकेटकीपिंग की जमकर तारीफ हो रही है. भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है जिसमें पहले दिन के पहले सत्र में ध्रुव जुरेल ने कुलदीप को विकेट निकालने में अहम भूमिका अदा की.
ध्रुव जुरेल ने कुलदीप को दिलाया विकेट
दरअसल, 26वें ओवर में कुलदीप यादव गेंदबाजी करने आए और पहली गेंद पर क्रॉली ने सिंगल लेकर स्ट्राइक ऑली पोप को थमा दी. इसके बाद पोप के लिए दूसरी गेंद पैरों पर फुलर आई जिसे उन्होंने लेग साइड में धकेल दिया लेकिन रन नहीं चुरा सके. इसके बाद ध्रुव जुरेल को आभास हुआ कि पोप अगली गेंद पर आगे निकल सकते हैं तो उन्होंने तीसरी गेंद डालने से पहले ही कुलदीप यादव से कहा- ‘बढ़ेगा ये आगे, बढ़ेगा आगे’.
इतना सुनते ही कुलदीप ने गुगली डालकर गेंद को बल्लेबाज से दूर निकाला और वही हुआ जो ध्रुव जुरेल ने कहा था. गेंद को आगे बढ़कर मारने की कोशिश में पोप बीट हुए और जुरेल ने गेंद हाथ मे लेते ही गिल्लियां बिखेर दी. इस तरह इंग्लिश बल्लेबाज को स्टंप आउट होने के बाद पवेलियन जाना पड़ा. जुरेल और कुलदीप की इस जुगलबंदी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बल्लेबाज और विकेट के बीच एक बड़ा गैप आसानी से देखा जा सकता है.
जुरेल की बड़ी सलाह से विकेट चटकाने के बाद कुलदीप यादव बेहद खुश नजर आए. कुलदीप के चेहरे पर इस विकेट की खुशी देखते ही बन रही थी. उन्होंने जुरेल की तरफ देखा और मुस्कान बिखेर दी.
धर्मशाला टेस्ट में पहले दिन मेहमान इंग्लैंड ने लंच तक दो विकेट पर 100 रन बना लिए हैं. सलामी बल्लेबाज जॉन क्राउली 61 रन बनाकर खेल रहे थे. भारत की तरफ से दोनों विकेट बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव ने चटकाए. इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. आर अश्विन इस टेस्ट मैच में अपना 100वां टेस्ट खेलने उतरे हैं. वह भारत के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले 14वें क्रिकेटर बने हैं.
इस मैच में भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल को डेब्यू कैंप सौंपी गई. दोनों टीमों के लिए दिन की शुरुआत अब तक अच्छी रही. इंग्लैंड के लिए बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की. इस जोड़ी को खतरनाक होता देख भारतीय टीम थोड़ी मुश्किल में दिखी. लेकिन, कुलदीप यादव ने इस साझेदारी को तोड़ा. उन्होंने बेन डकेट को 27 रन पर आउट किया. इसके बाद जैक क्रॉली ने टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ पांचवां अर्धशतक पूरा किया. लंच से ठीक पहले कुलदीप ने ओली पोप को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों स्टंप कराया और इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया. पोप 11 रन बना सके.