VIDEO: थर्ड अंपायर के नॉट आउट देने पर भी फील्ड अंपायर ने उठाई उंगली
महिला वनडे क्रिकेट मैच में फील्ड अंपायर से मैच के दौरान भारी गलती हो गई. फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर का फैसला ही पलट दिया.
Published On Feb 08, 2024, 07:41 PM IST
Last UpdatedFeb 08, 2024, 07:41 PM IST
PIC- TWITTER
क्रिकेट में सबसे बड़ा अंपायर थर्ड अंपायर होता है और उसका फैसला हर किसी को मानना पड़ता है. थर्ड अंपायर का फैसला आखिरी होता है. थर्ड अंपायर के फैसले के खिलाफ खिलाड़ी तो क्या खुद फील्ड अंपायर भी नहीं जा सकता है. लेकिन क्या हो जब थर्ड अंपायर फैसला नॉट आउट दे लेकिन फील्ड अंपायर उंगली उठाकर बल्लेबाज को पवेलियन जाने का इशारा कर दे. ऐसा ही एक नजारा ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में देखने को मिला. इस मैच में बारिश ने खलल डाला. साथ ही फील्ड अंपायर के एक फैसले ने सभी को हैरान कर दिया.
अंपायर से हुई भारी भूल
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका महिला टीमों के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में महिला फील्ड अंपायर से बीच मैच में एक भयानक गलती हो गई. साउथ अफ्रीका की पारी का 23वां ओवर चल रहा था और गेंद ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाज एश्ले गार्डनर के हाथों में थी. इस ओवर की 5वीं गेंद पर साउथ अफ्रीका की बल्लेबाज सुने लूस ने स्वीप मारने की कोशिश की लेकिन गेंद पैड पर जा लगी.
ऑस्ट्रेलिया ने अपील की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और ऐसे में ऑस्ट्रेलियन कप्तान ने रिव्यू ले लिया. इसके बाद जब रिप्ले में भी साफ हो गया कि गेंद विकटों से काफी दूर तो थर्ड अंपायर ने नॉट आउट का फैसला सुनाया लेकिन फील्ड अंपायर ने इसके उलट आउट का सिग्नल यानी अपनी उंगली उठा दी. हालांकि कुछ ही पलों में फील्ड अंपायर को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत अपने डिसीजन को बदलते हुए नॉट आउट का इशारा किया. इस घटना की वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया. बारिश के कारण दोनों टीमों के कोटे से 5-5 ओवर काट लिए गए. इसके बाद साउथ अफ्रीका ने 45 ओवरों में 6 विकेट खोकर 229 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया 30 ओवर भी नहीं खेल पाई और 149 रनों पर ढेर हो गई. इस तरह अफ्रीकी टीम ने DLS मेथड़ के तहत 84 रनों से मुकाबला जीत लिया.