• Home
  • News
  • WATCH Vaibhav Sooryavanshi Fall into Ashish Nehra’s Masterstroke Mohammed Siraj bowled a 146.6kmph bouncer to dismiss 15 year old

IPL 2025 RR vs GT: आशीष नेहरा का मास्टरस्ट्रोक और मोहम्मद सिराज की 146.6 बाउंसर के जाल में कैसे फंसे वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुकी थी. और ऐसा लग रहा था कि यह बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाएगा. तभी आशीष नेहरा ने बाउंड्री से कुछ इशारा किया और सिराज उसे अमल में लाए.

Edited By : Bharat Malhotra |May 10, 2026, 11:13 AM IST

Published On May 10, 2026, 11:13 AM IST

Last UpdatedMay 10, 2026, 11:13 AM IST

Vaibhav Sooryavanshi wicket

आशीष नेहरा के प्लान ने बनाया सूर्यवंशी को शिकार

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार को सीजन का 52वां मैच राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया. रॉयल्स को एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी ने तेज-तर्रार शुरुआत दी. राजस्थान के सामने 230 रन का लक्ष्य था. और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर सूर्यवंशी रफ्तार पकड़ चुके थे. पिछले साल इसी मैदान और इसी टीम के खिलाफ सूर्यवंशी 35 गेंद पर सेंचुरी लगा चुके थे. एक साल बाद उन्होंने फिर आक्रामक अंदाज में शुरुआत की थी. उन्होंने मोहम्मज सिराज की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया था.

सूर्यवंशी बहुत आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे. उन्होंने सिर्फ 15 गेंद पर 36 रन बना दिए थे. ऐसे में जब मैदान पर गेंदबाजों को समझ नहीं आ रहा था कि 15 साल के इस युवा बल्लेबाज को कैसे रोका जाए तो टीम के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने मामला खुद अपने हाथों में लिया. इस पूर्व पेसर ने बाउंड्री लाइन से सिराज को इशारों ही इशारों में साफ मेसेज दिया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सिराज भी कोच का इशारा समझ गए और प्लान को सही तरीके से अमल में लाए. सिराज अपना दूसरा और पारी का तीसरा ओवर फेंकने आए. पहली चार गेंदों पर वैभव सूर्यवंशी ने तीन चौके लगाए. इसके बाद प्रसारणकर्ता के कैमरे ने आशीष नेहरा को बाउंड्री पर देखा. वह कुछ इशारा कर रहे थे. ध्यान से देखने पर पता चला कि वह हाथ से अपने सिर की ओर इशारा कर रहे थे. यानी वह सिराज को कह रहे थे कि सूर्यवंशी को बाउंसर डाली जाए और हेड हाई बाउंसर.

सिराज ने अगली ही गेंद पर उस प्लान को अमल में लाने का काम किया. उन्होंने 146.6 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बाउंसर फेंकी. सूर्यवंशी रफ्तार में चूक गए. और गेंद हवा में ऊंची गई. और शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े अरशद खान ने आसान सा कैच लपका.

क्या रहा मैच का हाल

मैच की बात करें तो 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम 16.3 ओवर में 152 रन बनाकर ऑलआउट हुई. यह आरआर की इस सीजन में पांचवीं हार है. वहीं जीत के साथ गुजरात की टीम अब पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. इस मुकाबले में टीम की राजस्थान की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए.

महज 16 गेंदों में 36 रन बनाने के बाद वैभव सूर्यवंशी भी मोहम्मद सिराज की गेंद पर अरशद खान को कैच देकर पवेलियन लौटे. ध्रुव जुरेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 10 गेंदों में 24 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए. शिमरोन हेटमायर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 6 रन बनाकर आउट हुए.

रवींद्र जडेजा ने 25 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. शुभम दुबे 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोफ्रा आर्चर को जेसन होल्डर ने 5 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा. दासुन शनाका 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए.

गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए. जेसन होल्डर ने 2.3 ओवर में महज 12 रन खर्च करते हुए 3 विकेट झटके. वहीं, कगिसो रबाडा ने दो विकेट निकाले, जबकि सिराज ने एक विकेट चटकाया.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick