add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IND vs NZ: हम एक छोटे देश हैं लेकिन.... ऐतिहासिक जीत के बाद माइकल ब्रेसवेल ने कही गहरी बात

न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीती है. इंदौर में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में उसने 41 रन से जीत हासिल की. जीत के बाद कीवी टीम के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने अपनी टीम के खिलाड़ियों की तारीफ की.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 19, 2026 9:10 AM IST

नई दिल्ली: माइकल ब्रेसवेल की न्यूजीलैंड टीम ने वह कर दिखाया जो आज से पहले कभी नहीं हुआ था. न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीजी जीती. और वह भी पहला मैच गंवाने के बाद. इस युवा और कम अनुभवी टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया उससे कप्तान काफी खुश हैं. उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक और बेहद खास पल बताया है. सीरीज का पहला मैच गंवाने के बाद न्यूजीलैंड ने सीरीज 2-1 से जीती.

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में ब्रेसवेल ने कहा, ‘भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ, उनके शानदार फैंस के सामने खेलना हमेशा खास होता है. यहां आकर सीरीज जीतना, वह भी पहली बार, हमारे लिए बहुत ही खास उपलब्धि है. टीम ने परिस्थितियों को अच्छी तरह समझा और एकजुट होकर वही क्रिकेट खेला, जिसकी उनसे उम्मीद थी.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

डेरेल मिशेल और डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की तारीफ

न्यूजीलैंड के लिए इस सीरीज के हीरो डेरेल मिशेल रहे. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सीरीज में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया. वह वनडे क्रिकेट में कमाल के फॉर्म में हैं. मिशेल ने इस सीरीज में 84, 131* और 137 रन की पारी खेली. कप्तान ने अपने इस खिलाड़ी की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि वह बीते कुछ साल में वनडे में कमाल के फॉर्म में हैं. और निरंतर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने बल्लेबाजी आक्रमण की अगुआई की है. और उन्हें जो मिल रहा है, उसे देखकर काफी खुशी हो रही है.

न्यूजीलैंड की इस टीम में कई ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने डेब्यू किया. उनके लिए यह सीरीज काफी चुनौतीपूर्ण रहने की उम्मीद थी. लेकिन इन खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन किया. ब्रेसवेल ने डेब्यू करने वाले इन खिलाड़ियों के योगदान को सराहते हुए कहा कि यह उनके देश में क्रिकेट की गहराई को दिखाता है.

हम एक छोटे देश हैं लेकिन…

उन्होंने आगे कहा, ‘हम एक छोटे देश हैं, लेकिन हमारी ताकत यह है कि हम एक ग्रुप के तौर पर मिलकर काम करते हैं. यही कीवी तरीका है. जब युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव मिलता है और वे दबाव में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो यह टीम के भविष्य के लिए बहुत सकारात्मक संकेत होता है.’

प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने डेरिल मिशेल ने भी इस जीत को बेहद खास बताया. मिचेल ने कहा, ‘यह टीम के लिए शानदार है, खासकर भारत में जीत हासिल करना. जिस तरह से हमने बैटिंग में पार्टनरशिप बनाई, वही हमारी सफलता की कुंजी रही.’

मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के बीच निर्णायक मुकाबले में 186 गेंदों पर 219 रन की साझेदारी हुई थी. मिशेल ने फिलिप्स की तारीफ करते हुए कहा, ‘उनके साथ बल्लेबाजी करना शानदार रहा. उसे शतक बनाते देखना खास था, खासकर यह जानते हुए कि वह लंबे समय तक चोट से जूझता रहा है. पार्टनरशिप पर हमें एक टीम के तौर पर गर्व है.’

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल के 137 और ग्लेन फिलिप्स के 106 रन की मदद से 8 विकेट पर 337 रन बनाए थे. भारतीय टीम विराट कोहली की 124 रन की पारी के बावजूद 296 पर सिमट गई और 41 रन से मैच हार गई.