×

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की जितनी तारीफ होनी चाहिए, उतनी नहीं होती: इरफान पठान

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीृय टीम का रिकॉर्ड कमाल का है. और पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि हम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की उतनी तारीफ नहीं करते जितनी करनी चाहिए.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 18, 2025 1:25 PM IST

Irfan Pathan on Suryakumar Yadav- भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि सूर्यकुमार यादव को उनकी कप्तानी के उतनी प्रशंसा नहीं मिलती है, जितनी उन्हें मिलनी चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि बहुत कप्तान ऐसे हैं जिनका टी20 इंटरनेशनल में जीत का औसत उतना अच्छा है जितना भारतीय कप्तान का.

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का चौथा मैच बुधवार को लखनऊ में खेला जाना था. लेकिन कोहरे के कारण मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी. भारतीय टीम अभी सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है. सीरीज का आखिरी मैच शुक्रवार, 19 दिसंबर को अहमदाबाद में होगा.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी के आंकड़े कमाल के हैं…

लखनऊ में जब मैच का नतीजा नहीं निकला तो सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत के अजेय रिकॉर्ड के बारे में सवाल पूछा गया.

पठान ने इस सवाल के जवाब में कहा, ‘इसलिए मैं बार-बार कहता हूं कि हम सूर्यकुमार की कप्तानी की उतनी तारीफ नहीं करते जितनी करनी चाहिए. हमने उनकी बल्लेबाजी की खूब तारीफ की है. इस बात में कोई शक नहीं कि फिलहाल वह बल्लेबाजी में फॉर्म में नहीं हैं. लेकिन कप्तानी में 83 फीसदी जीत के नतीजे देना कमाल है.’

इसे भी पढ़ें- वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ा, टॉप-10 से बाहर हुए सूर्या

पठान ने आगे कहा, ‘सभी टी20 कप्तान ऐसा नहीं कर सकते. तो, सूर्यकुमार यादव ने बहुत कमाल का काम किया है. और ऐसा नहीं है कि साउथ अफ्रीका ने दबाव नहीं डाला. उन्होंने सीरीज में दबाव डाला है. आपने पिछले मैच में दबाव से निकलकर वापसी की थी.’

इरफान पठान ने जोर देकर कहा कि सूर्यकुमार यादव गेंदबाजों के कप्तान हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत कमाल का है. उन्होंने इशारा किया कि पूरी टीम एक साथ फिल्म देखने जाती है या साथ में पेंटबॉल खेलती है.

‘अपने पसंदीदा शॉट्स खेलने से पहले थोड़ा इंतजार करें सूर्यकुमार यादव’

हालांकि पठान यह मानते हैं कि सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी अभी रंग में नहीं है. उन्होंने इस पर कहा, ‘सूर्यकुमार यादव की ताकत क्या है? वह स्क्वेअर ऑफ द विकेट अच्छा खेलते हैं. वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ अपने पैर ज्यादा नहीं निकालते. टीमों ने उनकी बल्लेबाजी पर और ज्यादा काम करने की कोशिश कर रही हैं. टीमें एक ही रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर रहीं. वे स्लोअर गेंद का इस्तेमाल ज्यादा कर रही हैं. तो उन्हें उसका हल निकालना होगा.’

पठान ने कहा कि सूर्या को अपने पसंदीदा शॉट्स खेलने से पहले क्रीज पर अधिक समय बिताना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर को टी-20 वर्ल्ड कप से पहले मिली बड़ी जिम्मेदारी

पठान ने बताया, ‘दूसरी बार, एक पैटर्न देखा गया है कि वह अपने पसंदीदा शॉट्स बहुत ज्यादा और बहुत जल्दी खेलते हैं. क्या वह अपने पसंदीदा शॉट्स खेलने से पहले थोड़ा इंतजार कर सकते हैं? आप उन्हें कह सकते हैं कि तेज गेंदबाजों के सामने अपना पांव निकालकर खेलें. उन्होंने कई साल से ऐसा नहीं किया है. वह अब ऐसा कैसे करेंगे जब वर्ल्ड कप आने वाला है?’

TRENDING NOW

आखिर में पठान ने कहा कि एक अच्छी बात यह है कि कप्तान होने के नाते टीम में उनकी जगह पक्की है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह नई गेंद का सामना करने को लेकर सहज हों तो उन्हें कुछ मैचों में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करनी चाहिए और बाद में नंबर चार पर आना चाहिए.