- क्रिकेट न्यूज़
- News
- We Do not need any motivational speech said usa coach before fifa world cup match
'हमें मोटिवेशन स्पीच की जरूरत नहीं...', अमेरिकी कोच ने मैच के पहले ये क्या कह दिया
फीफा वर्ल्ड कप के आगाज के साथ ही अमेरिकी टीम के कोच ने बड़ी बात कहते हुए कहा है कि हमारी टीम को किसी भी तरह की मोटिवेशनल स्पीच की जरूरत नहीं है.
Published On Jun 12, 2026, 03:14 PM IST
Last UpdatedJun 12, 2026, 03:14 PM IST
USA Coach Big Statement: नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस). फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले अमेरिका के मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने कहा है कि उनकी टीम को किसी खास मोटिवेशनल स्पीच की जरूरत नहीं है. उनका मानना है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर खेलने वाले खिलाड़ी पहले से ही जानते हैं कि उन्हें कैसे तैयारी करनी है और कैसे प्रदर्शन करना है.
अमेरिका शुक्रवार को लॉस एंजिल्स में अपने पहले मुकाबले में पैराग्वे का सामना करेगा. यह टूर्नामेंट अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित किया जा रहा है. अमेरिका के लिए यह 12वां वर्ल्ड कप है और टीम घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी.
अमेरिकी कोच ने भरी हुंकार
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोचेटिनो ने कहा कि उन्होंने खिलाड़ियों से पहले ही काफी बातचीत कर ली है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि खिलाड़ियों को मैच से पहले किसी जोशीले भाषण की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. कोच के अनुसार, अब वह समय है जब खिलाड़ियों को खुद मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार होना होगा.
पोचेटिनो ने कहा कि प्रेरणादायक भाषण तब काम आते हैं जब खिलाड़ी ट्रेनिंग कर रहे होते हैं और अपने खेल में सुधार करने की कोशिश कर रहे होते हैं. हालांकि, मैच के एक दिन पहले कोई भी भाषण किसी खिलाड़ी को अचानक बेहतर नहीं बना सकता. उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ी पहले से तैयार नहीं है तो दुनिया की सबसे अच्छी मोटिवेशनल स्पीच भी उसके प्रदर्शन को नहीं बदल सकती.
घर में खेलने का होगा फायदा
अमेरिकी कोच ने जोर देकर कहा कि सफलता की सबसे बड़ी कुंजी आत्मविश्वास और सही तैयारी है. उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे एक-एक कदम आगे बढ़ें और जल्दबाजी में बड़ी बातें सोचने के बजाय अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें. कोच के मुताबिक, किसी भी टूर्नामेंट में सिर्फ अच्छी शुरुआत करना ही काफी नहीं होता, बल्कि पूरे सफर में लगातार अच्छा खेलना और मजबूत तरीके से खत्म करना भी जरूरी होता है.
अमेरिकी टीम के लिए अच्छी खबर यह है कि लगभग सभी खिलाड़ी फिट हैं. डिफेंडर क्रिस रिचर्ड्स टखने की चोट से उबर चुके हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं. हालांकि, पोचेटिनो ने यह साफ नहीं किया कि वह शुरुआती एकादश में खेलेंगे या नहीं. इसी तरह गोलकीपर की भूमिका को लेकर भी अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
अमेरिका की टीम में कई बड़े नाम शामिल हैं. एसी मिलान के स्टार फॉरवर्ड क्रिश्चियन पुलिसिक, जुवेंटस के मिडफील्डर वेस्टन मैककेनी और युवा खिलाड़ी जियो रेयना टीम की ताकत माने जा रहे हैं. हालांकि, अमेरिका ने पिछले साल एक फ्रेंडली मैच में पैराग्वे को 2-1 से हराया था, लेकिन पोचेटिनो विपक्षी टीम को हल्के में लेने के पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि पैराग्वे बेहद आक्रामक और प्रतिस्पर्धी टीम है. इसके साथ ही उन्होंने पैराग्वे के कोच गुस्तावो अल्फारो की भी तारीफ की और कहा कि उनके नेतृत्व में टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. पोचेटिनो को उम्मीद है कि यह मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन उन्हें भरोसा है कि उनकी टीम वर्ल्ड कप में मजबूत शुरुआत करने में सफल रहेगी.