WWC 2026: हार के बाद किस पर निकला हरमनप्रीत कौर का गुस्सा, बाकी मैचों के लिए दी क्या सलाह

भारत को महिला टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम के पास मौके थे लेकिन टीम उन्हें भुना नहीं पाई. और इस बात से कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी निराश दिखीं.

Edited By : Bharat Malhotra |Jun 22, 2026, 08:41 AM IST

Published On Jun 22, 2026, 08:41 AM IST

Last UpdatedJun 22, 2026, 08:41 AM IST

harmanpreet-kaur after india lost to south afirca

साउथ अफ्रीका से हार के बाद क्या बोलीं कप्तान हरमनप्रीत कौर (फोटो- Bcciwomen/x)

मैनचेस्टर: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा. और इस हार ने ही टीम के लिए टूर्नामेंट में कई मुश्किलें बढ़ा दीं. रविवार, 21 जून को खेले गए मैच में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका ने छह विकेट से हराया. और मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने माना कि टीम ने कई मौकों का फायदा नहीं उठाया. और इसका खमियाजा उसे भुगतना पड़ा. हालांकि, अभी भारत के पास लीग स्टेज में 2 मैच बाकी हैं. ऐसे में कप्तान ने सकारात्मक बने रहने पर जोर दिया है. भारत को अभी बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है. और सेमीफाइनल में पहुंचन के लिए भारत को इन दोनों मुकाबलों में जीतना जरूरी हो गया है.

भारत ने सात विकेट पर 158 रन का स्कोर बनाया. गेंदबाजों ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन टीम की फील्डिंग बहुत खराब रही. भारत ने कई कैच छोड़े. ताजमिन ब्रित्ज का कैच 18 रन पर छूटा, जबकि मारिजैन को सब्स्टिट्यूट फील्डर राधा यादव ने 25 और 65 रन पर दो बार जीवनदान दिया. इन दोनों खिलाड़ियों ने भारत की फील्ड प्लेसमेंट का बखूबी फायदा उठाया और आसानी से रन बटोरे. मारिजैन ने 81 रन पर नाबाद रहते हुए साउथ अफ्रीका को यादगार जीत दिलाई.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारतीय टीम इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 से ज्यादा का स्कोर बनाने के बाद नहीं हारी थी. लेकिन रविवार को पहली बार उसे इस स्कोर को बनाने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा.

‘हमें मौके मिले लेकिन उन्हें भुना नहीं पाए’

मैच गंवाने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमें बीच में कुछ मौके मिले, लेकिन दुर्भाग्य से हम उन्हें भुना नहीं सके. हालांकि, मुझे अभी भी लगता है कि हमारे दो मैच बाकी हैं, और यही समय है सकारात्मक रहने और उन मुकाबलों के बारे में सोचने का. हम हमेशा बात करते हैं कि इस स्तर पर मौकों को भुनाना कितना जरूरी है, लेकिन दुर्भाग्य से आज किस्मत हमारे साथ नहीं थी.’

महिला टी20 वर्ल्ड कप में कब हैं भारत के बाकी मुकाबले

भारतीय टीम 25 जून को बांग्लादेश के खिलाफ और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी. भारतीय कप्तान ने कहा, ‘अभी भी हमारे दो मैच बचे हुए हैं. अब उन मुकाबलों के बारे में सोचने का समय है. अगले मैच के लिए हमारे पास अभी भी दो-तीन दिन हैं. हम बैठकर सोचेंगे कि क्या करना है और उसी हिसाब से अपनी प्लेइंग इलेवन चुनेंगे.’

भारतीय स्पिनर्स ने किया अच्छा प्रदर्शन

इस मैच में श्री चरणी ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 और शेफाली वर्मा ने 4 ओवरों में 22 रन देकर 1 विकेट लिया. कप्तान ने दोनों खिलाड़ियों की तारीफ की. हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि श्री चरणी और शैफाली ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. वे चुनौतियां पैदा कर रही थीं, लेकिन बदकिस्मती से बाकी गेंदबाजों ने उनका साथ नहीं दिया.’

मारिजैन कैप की पारी ने पैदा किया अंतर

हरमनप्रीत ने मारिजैन की मैच जिताऊ नाबाद 81 रन की पारी की अहमियत को मानते हुए कहा, “आज वह शानदार खेलीं. उन्होंने हमसे मैच छीन लिया, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने हमें दो अहम मौके भी दिए, जिनका हम फायदा नहीं उठा सके. मुझे लगता है कि इस स्तर पर जब आप ऐसे मौके गंवाते हैं, तो कोई भी आपको आसानी से कुछ नहीं देता. मुझे लगता है कि वे अहम पल थे और उन्होंने हमसे मैच छीन लिया.’

स्पिनर्स के ज्यादा इस्तेमाल पर हरमनप्रीत ने कहा, ‘जब हम गेंदबाजी कर रहे थे, तो गेंद थोड़ी टर्न हो रही थी. अगर आप अपने फिंगर स्पिनर्स का सही इस्तेमाल करते हैं, तो मुझे लगता है कि शेफाली और श्री चरणी ने बहुत अच्छा काम किया. दूसरे स्पिनर्स को भी सोचना होगा कि हमें कैसे गेंदबाजी करनी है, खासकर ऐसी पिचों पर.’

एजेंसी- आईएएनएस

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick