ENG vs IND: 'हम 10 साल से यह बात कह रहे हैं', चौथे T20I में भारत की हार के बाद भड़के पार्थिव पटेल

भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के चौथे टी20 इंटरनेशनल में मिली हार के बाद कई सवाल उठाए हैं. उन्होंने हार्दिक और जसप्रीत बुमराह पर निर्भरता की ओर ध्यान दिलाया.

Edited By : Bharat Malhotra |Jul 10, 2026, 12:45 PM IST

Published On Jul 10, 2026, 12:45 PM IST

Last UpdatedJul 10, 2026, 12:45 PM IST

नई दिल्ली: इंग्लैंड में भारत की हार के बाद सवाल गहरे हो रहे हैं. पांच मैचों की सीरीज में भारत 0-3 से पीछे है. यानी बाजी भारत के हाथ से निकल चुकी है. गुरुवार, 9 जुलाई को खेले गए मैच में भारत को 9 विकेट से हार मिली. इसके बाद भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने जोर देकर कहा कि भारत हर बार हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह पर निर्भर नहीं रह सकता. पटेल का कहना था कि बीते 10 साल से ऐसा ही हो रहा है.

ब्रिस्टल में भारत ने इंग्लैंड के सामने 159 रन का टारगेट रखा था. इस लक्ष्य को इंग्लैंड ने आसानी से हासिल कर लिया. इंग्लैंड ने भारत को 37 गेंद बाकी रहते हराया. टी20 इंटरनेशनल में गेंद के लिहाज से यह भारत की तीसरी सबसे बड़ी हार है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हर बार हार्दिक और बुमराह पर निर्भर नहीं रह सकता भारत

आधिकारिक प्रसारणकर्ता जियोहॉटस्टार पर पटेल ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों के शॉट सिलेक्शन में कई खामियां थीं. इसके साथ ही भारत हर बार परिणाम के लिए जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या पर निर्भर नहीं रह सकता.

पटेल ने कहा,

‘जिस तरह से ये बल्लेबाज आउट हो रहे हैं, ऐसा नहीं है कि इससे किसी के कौशल पर सवाल उठते हैं. हालांकि, गेंद अगर पुल शॉट के लिए नहीं है तो आप वह शॉट नहीं खेल सकते. सवाल शॉट सिलेक्शन का है. यह प्लानिंग की बात है. बेशक, इंग्लैंड की योजनाएं हमसे बेहतर रही हैं. लेकिन भारत की योजनाएं सही नहीं बन रहीं.’

बल्लेबाजों के शॉट सिलेक्शन पर उठाए सवाल

पार्थिव पटेल ने आगे कहा,

‘अगर गेंद आपसे अक्रॉस जा रही है और आप उसे लेग साइड पर मारने की कोशिश करें तो गेंद नहीं जाएगी. आईपीएल में ये सभी गेंदें मैदान के बाहर जातीं. यूं तो कई सवाल हैं. हम यही बात बीते 10 साल से कर रहे हैं कि जब हार्दिक और बुमराह आ जाएंगे तो सब ठीक हो जाएगा.’

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल में भारत की टीम में शिवम दूबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे तीन ऑलराउंडर थे. इन तीनों ने मिलकर बल्ले से 28 रन का योगदान दिया और कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए. चा ओवरों में तीनों ने मिलकर 58 रन दिए.

इम्पैक्ट प्लेयर नियम की वजह से नहीं मिल रहा ऑलराउंडर

पार्थिव ने जोर देकर कहा कि आईपीएल के इम्पैक्ट प्लेयर के नियम की वजह से भारत को हार्दिक का रिप्लेसमेंट नहीं मिल पा रहा है.

उन्होंने कहा,
‘हम 10 साल से हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह का विकल्प नहीं तलाश पा रहे हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह आईपीएल का इम्पैक्ट प्लेयर नियम है. बुमराह की बात अलग है. लेकिन जब तक आईपीएल से इम्पैक्ट प्लेयर का नियम नहीं हटाया जाता तब तक भारत को वह ऑलराउंडर नहीं मिलेगा जिसकी उसे जरूरत है.’

भारत अब सीरीज का आखिरी मैच 11 जुलाई को साउथम्पटन में खेलेगा. अगर टीम इंडिया को सफाए से बचना है तो इस मैच को हर हाल में जीतना होगा

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick