×

दो-दो देशों ने पाकिस्तान दौरे को कही न, कप्तान Babar Azam बोले- हम न सिर्फ डटे रहेंगे बल्कि बेहतर भी होंगे

बाबर आजम ने कहा कि भले दुनिया की टीमें हमारा साथ न दें लेकिन हम समय के साथ साथ और बेहतर ही होंगे.

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - September 21, 2021 6:04 PM IST

पाकिस्तान क्रिकेट के लिए यह दौर मुश्किलों भरा गुजर रहा है. वह अपने देश में इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी में पूरे जी-जान से जुटा हुआ था लेकिन बीते हफ्ते में दो-दो देशों ने वहां का दौरा रद्द करने का ऐलान कर दिया है. न्यूजीलैंड की टीम तो पाकिस्तान में आ भी चुकी थी लेकिन पहला वनडे शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले उसने सुरक्षा का हवाला देते हुए यह दौरा रद्द कर दिया. इसके बाद इंग्लैंड ने सुरक्षा कारणों से ही यहां आने से मना कर दिया.

दोनों टीमों के पाकिस्तान दौरा रद्द करने के बाद कप्तान बाबर आजम ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुखद करार दिया है. उन्होंने कहा कि उनके देश ने हमेशा खेल के हितों को बनाए रखने की कोशिश की है लेकिन दूसरे लोग ऐसा नहीं करते हैं.

न्यूजीलैंड द्वारा यह दौरा रद्द करने के बाद सोमवार को इंग्लैंड ने अपनी पुरुष और महिला टीमों का शेड्यूल दौरा रद्द करने की घोषणा कर दी. इसके बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने इसको लेकर दुख जताया है.

https://twitter.com/babarazam258/status/1440226952367931394?s=20

बाबर ने ट्वीट कर कहा, ‘एक बार फिर निराश. हमने हमेशा खेल के हितों को समायोजित करने की कोशिश की है लेकिन अन्य ऐसा नहीं करते हैं. हमने अपनी क्रिकेट यात्रा में एक लंबा सफर तय किया है और यह केवल समय के साथ बेहतर होगा. हम न केवल इसमें बने रहेंगे बल्कि समृद्ध भी होंगे.’

बाबर ने न्यूजीलैंड के दौरे से हटने के बाद कहा था कि उन्हें पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की क्षमता और विश्वसनीयता पर पूरा भरोसा है. इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के इस फैसले पर पूरे पाकिस्तान में जोरदार विरोध हो रहा है और यहां के पूर्व क्रिकेटर दोनों टीमों से इसका बदला लेने की बातें कर रहे हैं.

पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा (Ramiz Raja) और पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने कहा कि पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में इन दोनों टीमों के खिलाफ अपनी ताकत का अहसास कराना होगा. उसे इन दोनों टीमों को जबरदस्त ढंग से हराकर इसका बदला लेना होगा.