×

पाकिस्तान के हेड कोच ने नवाज को बताया था दुनिया का सर्वश्रेष्ठ स्पिनर, भारतीय फील्डिंग कोच ने दिया जवाब

भारतीय फील्डिंग कोच ने कहा, पाकिस्तान ने भी टी20 क्रिकेट खेलने के तरीके को समझना शुरू कर दिया है, इसलिए यह पिछले 24 महीनों की तुलना में थोड़ी अलग चुनौती होगी.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - September 14, 2025 7:48 AM IST

Ryan Ten Doeschate reply Pakistan head Coach: भारतीय टीम के क्षेत्ररक्षण कोच रेयान टेन डोएशे ने शनिवार को कहा कि माइक हेसन पाकिस्तान के बायें हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज को अपने हिसाब से रैंकिंग दे सकते हैं लेकिन भारत को पता है कि विश्व रैंकिंग में वरूण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल कहां हैं ।

कुछ दिन पहले पाकिस्तान के मुख्य कोच हेसन ने कहा था कि नवाज अपनी आईसीसी टी20 रैंकिंग के दम पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं । त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पांच विकेट लेने के बावजूद उनकी रैंकिंग हालांकि 30वीं हैं.

वे अपने खिलाड़ियों को कोई भी रैंकिंग दे सकते हैं: टेन डोएशे

टेन डोएशे ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पूर्व कहा, हमें पता है कि वरूण, अक्षर या कुलदीप के बारे में हम क्या महसूस करते हैं, हर कोई अपनी राय रखने के लिये स्वतंत्र है, वे अपने खिलाड़ियों को कोई भी रैंकिंग दे सकते हैं. उन्होंने आगे कहा, पूरी ईमानदारी से कहूं तो भारत कल जीत का प्रबल दावेदार है, हमारा फोकस बल्ले से 120 गेंदों पर और गेंदबाजी में 120 गेंदों पर होगा, जो टीम 240 गेंदों में बेहतर प्रदर्शन करेगी, वह जीतेगी.

किसी बदलाव की संभावना नहीं है: डोएशे

टेन डोएशे ने यह भी कहा कि भारतीय टीम में शायद ही कोई बदलाव हो. उन्होंने कहा, किसी बदलाव की संभावना नहीं है, चैम्पियंस ट्रॉफी की तुलना में यह विकेट अलग है लेकिन पहले मैच में टीम संयोजन सही था.

उन्होंने सीतांशु कोटक की तरह इस बात पर भी ज़ोर दिया कि तीसरे से सातवें नंबर तक के बल्लेबाज़ी क्रम लचीले होंगे. उन्होंने कहा कि तीसरे से सातवें नंबर तक, मुख्य सिद्धांत यह है कि हमें ऐसे बहुमुखी खिलाड़ी चाहिए जो अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग तरह से खेल सकें और साथ ही अलग-अलग पोज़िशन पर बल्लेबाज़ी भी कर सकें, इस बहुमुखी प्रतिभा का इस्तेमाल करना हमारी रणनीति का हिस्सा होगा.

पिछले 24 महीनों की तुलना में थोड़ी अलग चुनौती होगी: डोएशे

हालांकि, टेन डोएशे ने पाकिस्तान के टी20 क्रिकेट खेलने के बदले हुए तरीके की तारीफ़ की, जिसमें ज़्यादा आक्रामकता दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भी टी20 क्रिकेट खेलने के तरीके को समझना शुरू कर दिया है, इसलिए यह पिछले 24 महीनों की तुलना में थोड़ी अलग चुनौती होगी, हम इस बात पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं कि हम क्या कर रहे हैं और कैसे खेलना चाहते हैं.