क्या पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में खेलेंगे वुड और मलान, इंग्लिश कोच ने किया साफ
मार्क वुड और डेविड मलान श्रीलंका के खिलाफ सुपर 12 चरण में इंग्लैंड के आखिरी मैच के दौरान चोटिल हो गये थे।
Published On Nov 12, 2022, 12:52 PM IST
Last UpdatedNov 12, 2022, 12:52 PM IST
मेलबर्न। T20 वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल मुकाबला 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है। इस खिताबी मुकाबले में एक तरफ होगा पाकिस्तान तो दूसरी तरफ इंग्लैंड। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेगा ये अभी तक साफ नहीं है लेकिन टीम के कोच मैथ्यू मॉट ने कहा है कि मार्क वुड और डेविड मलान के नाम पर विचार किया जायेगा।
बता दें, मार्क वुड और डेविड मलान श्रीलंका के खिलाफ सुपर 12 चरण में इंग्लैंड के आखिरी मैच के दौरान चोटिल हो गये थे। एडीलेड में भारत के खिलाफ गुरुवार के सेमीफाइनल मैच में उनकी जगह क्रिस जॉर्डन और फिल साल्ट को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था।
मॉट ने ‘बीबीसी’ से कहा, ‘‘ हम इस बारे में विचार करेंगे। सेमीफाइनल के बाद हमारी टीम को काफी कम समय मिला है। हमें यात्रा करनी पड़ी और फिर एक अभ्यास सत्र के बाद मैच के लिए मैदान में उतरना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ उनके पास इससे उबरने के लिए ज्यादा समय नहीं है। मुझे हालांकि उनके ठीक होने की उम्मीद है लेकिन यह निराशाजनक है। वे दोनों हमारे लिए शानदार खिलाड़ी है। पिछले कुछ समय में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया है।’’
गौरतलब है कि मार्क वुड का इस वर्ल्ड कप में प्रदर्शन शानदार रहा है और उन्होंने 9 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि मलान का बल्ला अभी तक शांत ही रहा है। मलान के नाम 3 पारियों में सिर्फ 56 विकेट दर्ज हैं।