×

AUS v WI: वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास, 27 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में जीता टेस्ट मैच

वेस्टइंडीज ने खत्म किया 27 साल का इंतजार. ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में 8 रनों से हराकर रचा कीर्तिमान.

user-circle cricketcountry.com Written by Vanson Soral
Last Updated on - January 28, 2024 3:10 PM IST

AUS vs WI: वेस्टइंडीज (West Indies) ने दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 8 रनों से हराने के साथ ही इतिहास रच दिया है. गाबा में खेले गए इस डे-नाईट टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने शमार जोसेफ की शानदार गेंदबाजी की बदौलत कंगारू टीम को हराने में कामयाबी हासिल की. शमार ने महज 11.5 ओवरों में 7 बल्लेबाजों का शिकार किया. इस तरह वेस्टइंडीज 27 साल के इंतजार के बाद ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट मैच जीतने में सफल रहा.

ब्रायन लारा हुए इमोशनल

वेस्टइंडीज की इस ऐतिहासिक जीत को देख महान बल्लेबाज ब्रायन लारा अपने आंसू नहीं रोक सके. लारा कमेंट्री करते हुए जज्बाती हो गए और अपनी टीम की जीत के बाद एडम गिलक्रिस्ट को गले लगाते हुए रोने लगे. लारा का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 216 रन का लक्ष्य दिया था लेकिन कंगारू टीम 207 रन पर ही ढेर हो गई. स्टीव स्मिथ ने 91 रनों की पारी खेली. इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली. बता दें, वेस्टइंडीज को पिछली टेस्ट मैच जीत साल 1997 में मिली थी. बता दें, वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलिया को पिंक बॉल टेस्ट में हराने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई हैं. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के नाम लगातार 11 डे-नाइट टेस्ट जीतने का रिकॉर्ड था.

वेस्टइंडीज ने दिखाया दम

एक समय वर्ल्ड क्रिकेट में वेस्टइंडीज की तूती बोलती थी लेकिन पिछले कुछ सालों से कैरेबियाई क्रिकेट ढलान पर है. ऐसे में ये ऐतिहासिक जीत वेस्टइंडीज टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाने का काम करेगी. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने अच्छा खेल दिखाया था लेकिन 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी. दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज ने शानदार वापसी की और मेजबान ऑस्ट्रेलिया को हराने के साथ ही लंबे समय से ऑस्ट्रेलिया की धरती पर चले आ रहे सूखे को समाप्त किया.

वेस्टइंडीज की इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे शमार जोसेफ जो पिछले साल तक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे. फिर उन्हें वेस्टइंडीज टीम से बुलावा आया और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डेब्यू टेस्ट की पहली ही पारी में 5 विकेट लेकर सनसनी मचा दी. शमार ने अपने टेस्ट करियर की पहली ही गेंद स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गज बल्लेबाज को आउट किया. दूसरे टेस्ट में शमार ने कुल 8 विकेट अपने नाम किए जिसमें दूसरी पारी में उन्होंने 7 विकेट झटके.

शमार जोसेफ के लिए ये जीत इस मायने में भी खास है क्योंकि जब आखिरी बार वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराया था तो उनका जन्म भी नहीं हुआ था. जोसफ का जन्म 1999 का है.

10 ओवर में झटके 6 विकेट

जोसेफ ने लगातार 10 ओवर डालते हुए पहले स्पैल में 60 रन देकर छह विकेट लिये. उस समय आस्ट्रेलिया को जीत के लिये 29 रन की जरूरत थी और उसके दो विकेट बाकी थे. जोसेफ ने ग्रीन (42) को आउट करके 71 रन की साझेदारी तोड़ी. इसके बाद अगली यॉर्कर पर ट्रेविस हेड को पवेलियन भेजा.

मिचेल मार्श (10) और एलेक्स कारी (2) भी टिक नहीं सके. स्टार्क ने 21 रन बनाये लेकिन कवर में केविन सिनक्लेयर को कैच देकर जोसेफ का पांचवां शिकार बने. वहीं पहली पारी में नाबाद 64 रन बनाने वाले पैट कमिंस दो रन बनाकर आउट हो गए. जोसेफ ने नाथन लियोन को डिनर ब्रेक के बाद आउट किया. स्मिथ ने जोसेफ को फाइन लेग पर छक्का लगाकर लक्ष्य एक अंक का कर दिया लेकिन हेजलवुड का आफ स्टम्प उखाड़कर जोसेफ ने वेस्टइंडीज को जीत दिलाई. इस नतीजे के साथ दो टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई. पहले टेस्ट को पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम ने तीन दिन के अंदर 10 विकेट से अपने नाम किया था. विंडीज टीम की जीत के हीरो शमार जोसेफ रहे जिन्होंने 68 रन देकर सात शिकार किए. उन्होंने यह विकेट तब लिए जब उनके बाएं पैर के अंगूठे में चोट थी. वे लंगड़ा कर चल रहे थे. वे बैटिंग करते हुए रिटायर्ड हर्ट हो गए थे.